जिला न्यायालय शहडोल में तत्काल सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाने की मांग-अध्यक्ष, राकेश सिंह बघेल
Junaid Khan - शहडोल। 15 मई 2026 जिला अधिवक्ता संघ शहडोल की कार्यकारिणी की बैठक 15 मई 2026 जिला अधिवक्ता संघ शहडोल के कार्यालय में संघ के अध्यक्ष राकेश सिंह बघेल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर माननीय मुख्य न्यायमूर्ति, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर को जिला एवं सत्र न्यायालय शहडोल परिसर में अविलंब उच्च गुणवत्ता वाले सी.सी.टी.वी. कैमरे स्थापित किए जाने हेतु मांग पत्र प्रेषित किया गया। बैठक में संघ पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि न्यायालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में न्यायाधीश, अधिवक्तागण, पक्षकार एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहते हैं। वर्तमान में न्यायालय परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों जैसे मुख्य प्रवेश द्वार, न्यायालय कक्षों के बाहर, रिकॉर्ड रूम, बार रूम, अधिवक्ता चेंबर, पार्किंग स्थल तथा गलियारों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने से सुरक्षा संबंधी खतरे एवं अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। अधिवक्ता संघ ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि पूर्व में न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं की मोटर साइकिल की चोरी व पूर्व में पदस्थ रहे न्यायिक मजिस्ट्रेट अंजय सिंह के न्यायालय कक्ष से लैपटॉप के चोरी जाने जैसी घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं, जिनसे अधिवक्ताओं एवं पक्षकारों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हुई है। संघ का कहना है कि सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाने से न्यायालय परिसर में होने वाली गतिविधियों की प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी तथा किसी भी विवाद अथवा आपराधिक घटना की स्थिति में आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध हो सकेंगे। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यह व्यवस्था न्यायालय की गरिमा एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगी। बैठक में उपाध्यक्ष सतीश कुमार पाठक, सचिव अनिल कुमार तिवारी, सहसचिव राकेश गोले, कोषाध्यक्ष गगन कुमार वर्मा,कार्यकारणी सदस्य राकेश जायसवाल,पुरुषोत्तम गुप्ता, पुष्पेंद्र सिंह,देवेश मिश्रा उपस्थित रहे।
