07 दिन में कार्रवाई नहीं तो आमरण अनशन जिलाध्यक्ष प्रवीण चौधरी की चेतावनी
Junaid Khan - शहडोल। जिले में अवैध कोयला कारोबार, रेत माफियाओं और कथित रूप से अवैध कोयले से संचालित कैमिकल फैक्ट्री के खिलाफ बुधवार को बहुजन गोंडवाना पार्टी का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। पार्टी की जिला इकाई शहडोल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम कलेक्टर शहडोल को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें जिले में सक्रिय कोयला और रेत माफियाओं पर NSA जैसी कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार चौधरी ने प्रशासन और सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जिले में अवैध खनन माफिया खुलेआम प्राकृतिक संसाधनों की लूट कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं। उन्होंने कहा कि कोयला और रेत का काला कारोबार अब संगठित माफियातंत्र का रूप ले चुका है, जिससे शासन को करोड़ों के राजस्व का नुकसान हो रहा है और आम जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। ज्ञापन में विशेष रूप से अवैध कोयले से संचालित बताई जा रही आनंद क्लोराइड केमिकल फैक्ट्री को तत्काल बंद कराने की मांग उठाई गई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से पर्यावरण प्रदूषण फैल रहा है और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने कोल माफिया मुर्दाबाद रेत माफिया पर NSA लगाओ कैमिकल फैक्ट्री बंद करो जैसे नारों से पूरा कलेक्ट्रेट परिसर गूंजा दिया। माहौल इतना उग्र हो गया कि मौके पर मौजूद प्रशासनिक अमले को भी स्थिति संभालने में मशक्कत करनी पड़ी। जिलाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने साफ चेतावनी दी कि यदि 07 दिवस के भीतर प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो बहुजन गोंडवाना पार्टी आमरण अनशन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस विरोध प्रदर्शन में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आनंद कुमार चौधरी, जिला उपाध्यक्ष जीवन माहरा, ज्ञान चंद्र माहरा, रामकुमार रौतेल, भारत चौधरी, मीडिया प्रभारी आकाश कुमार, विधानसभा प्रभारी आदित्य कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष आशा वंशकार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ कोल माफिया और कैमिकल फैक्ट्री के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
