भीषण गर्मी में मूक जीवों के लिए जीवनदायिनी पहल,हर घर नाद अभियान को मिल रहा जनसहयोग

भीषण गर्मी में मूक जीवों के लिए जीवनदायिनी पहल,हर घर नाद अभियान को मिल रहा जनसहयोग


Junaid Khan - शहडोल। जिले में बढ़ती भीषण गर्मी और सूखते जल स्रोतों के बीच निराश्रित गौवंश, पक्षियों एवं अन्य मूक जीवों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे कठिन समय में अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान द्वारा संचालित हर घर नाद अभियान एक जीवनदायिनी पहल के रूप में उभरकर सामने आया है। संस्थान द्वारा इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक स्थानों पर जलपात्र (नाद) स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि प्यास से बेहाल मूक जीवों को राहत मिल सके। इसी क्रम में दिनांक 26 मई 2026 को सेवा कार्य को आगे बढ़ाते हुए चार नए स्थानों के स्क्वायर मॉल के पीछे, गुरुनानक चौक, एमआर सिटी परिसर एवं कल्याणपुर में नाद स्थापित किए गए। इस कार्य में पंजाब डेरी एंड स्वीट्स, सूर्या होटल, रुचिर श्रीवास्तव एवं गोल्डी का सराहनीय सहयोग रहा। इसके अतिरिक्त, “स्व पर कल्याण समूह” द्वारा 25 नाद सेवा स्वरूप प्रदान किए गए, जिससे इस अभियान को और मजबूती मिली है। संस्थान के इस प्रयास से अब तक जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में नाद स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे अनगिनत मूक जीवों को पानी उपलब्ध हो रहा है। संस्थान द्वारा आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे अपने घरों, दुकानों या आसपास के क्षेत्रों में पानी से भरे पात्र अवश्य रखें। ज्येष्ठ माह की भीषण गर्मी में यह छोटा सा प्रयास किसी जीव के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान पिछले कई वर्षों से निराश्रित एवं घायल गौवंश की सेवा में समर्पित है और “हर घर नाद अभियान” के माध्यम से समाज में सेवा, करुणा और मानवता का संदेश निरंतर प्रसारित कर रहा है। संस्थान ने सभी वर्गों से इस पुनीत कार्य में सहभागिता की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक प्रयास से ही अधिक से अधिक मूक जीवों तक पानी और राहत पहुंचाई जा सकती है।

Previous Post Next Post