शिनाख्त न होने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
Junaid Khan - शहडोल। ब्यौहारी जनपद के व्यवहारी थाना अंतर्गत एक लावारिस विक्षिप्त व्यक्ति की मृत्यु का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 अप्रैल 2026 को वार्ड क्रमांक 07 निवासी सूचनाकर्ता इम्तियाज खान पिता मोहम्मद इम्तियाज (उम्र 25 वर्ष) ने थाने में उपस्थित होकर मौखिक सूचना दर्ज कराई कि एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग 'गणेशा' के नाम से जानते थे, उसकी मृत्यु हो गई है। 15-20 वर्षों से व्यवहारी की गलियों में था बसेरा। सूचनाकर्ता ने बताया कि मृतक करीबन 15-20 वर्ष से व्यवहारी के मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों में घूमता-फिरता था। वह मानसिक रूप से विक्षिप्त था और मांगकर अपना गुजर-बसर करता था। मैला-कुचैला रहने वाले इस व्यक्ति के दाढ़ी और बाल काफी बड़े हुए थे। रात के समय वह किसी के भी घर के सामने लावारिस हालत में सो जाया करता था। हालांकि उसे पूरा कस्बा 'गणेश' के नाम से पहचानता था, लेकिन वह मूलतः कहां का रहने वाला था, इस बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है। टूटे मकान में मिला शव दिनांक 30 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8:00 बजे इम्तियाज खान ने देखा कि गणेश (उम्र लगभग 55 वर्ष) उसके घर के सामने एक पुराने टूटे हुए मकान के अंदर मृत अवस्था में पड़ा है और शरीर से बदबू आ रही है। इसकी जानकारी तत्काल वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद नीलेश शर्मा, राजू खान, खलील मंसूरी और आरिफ खान को दी गई। सभी ने मौके पर पहुंचकर शव की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की कार्रवाई और कफन-दफन सूचना प्राप्त होते ही व्यवहारी थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 45/2026, धारा 194 BNSS कायम कर जांच शुरू की। पुलिस स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर मृतक की शिनाख्त और परिजनों का पता लगाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके पश्चात सिविल अस्पताल व्यवहारी में शव का पीएम (Post-Mortem) कराया गया। वारिसों का पता न चलने पर पुलिस स्टाफ ने स्थानीय नागरिकों की मदद से पूरे विधि-विधान के साथ अज्ञात मृतक का कफन-दफन संपन्न कराया। हुलिया और पहचान अज्ञात मृतक गणेश का हुलिया इस प्रकार है: कद: करीब 5 फीट 4 इंच (इकहरा शरीर)। पहनावा: काले-सफेद रंग की कच्चे रंग की शर्ट और सफेद रंग की पैंट। शारीरिक विशेषता: दाढ़ी-मूंछ और सिर के बाल काफी बड़े हुए (काले-सफेद)। अपील: यदि किसी व्यक्ति को उक्त हुलिए वाले व्यक्ति या उसके परिजनों के संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त होती है, तो कृपया तत्काल थाना व्यवहारी के मोबाइल नंबर 7049141052 पर संपर्क कर सूचित करें।
