पटवारी व राजस्व निरीक्षक पर कार्रवाई की मांग
Junaid Khan - शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल में एक महिला द्वारा भूमि सीमांकन में हो रही कथित लापरवाही और उत्पीड़न को लेकर आयुक्त से शिकायत की गई है। प्रार्थिया श्रीमती सरिता वर्मन, निवासी वार्ड क्रमांक-39 पुरानी बस्ती शहडोल, ने राजस्व निरीक्षक भास्कर दत्त गौतम एवं हल्का पटवारी विपुल सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया की पैतृक भूमि ग्राम गोहतरा, तहसील सोहागपुर में स्थित है, जिसका सीमांकन लंबे समय से लंबित है। महिला ने बताया कि उन्होंने 19 नवंबर 2025 को तहसीलदार सोहागपुर को आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसके बाद भी संबंधित अधिकारियों द्वारा सीमांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई। शिकायत में उल्लेख है कि कई बार नोटिस जारी होने के बावजूद अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं, सीमांकन के एवज में कथित रूप से ₹ 50,000 रुपये की मांग भी की गई, जिसकी शिकायत 28 अप्रैल 2026 को जनसुनवाई में दर्ज कराई गई। इसके बाद 2 मई 2026 को सीमांकन की सूचना दी गई, परंतु निर्धारित समय पर अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे प्रार्थिया और उनका परिवार पूरे दिन भीषण गर्मी में परेशान होता रहा। प्रार्थिया ने आरोप लगाया कि सीमांकन नहीं होने के कारण आसपास के काश्तकार उनकी भूमि पर कब्जा कर रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पटवारी द्वारा रिपोर्ट तैयार करने की बात कही जाती है, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। महिला ने आयुक्त से मांग की है कि उनकी भूमि का शीघ्र सीमांकन कराया जाए तथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार
इस मामले में अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
