NEET परीक्षा 2026 में पेपर लीक की निष्पक्ष जाँच एवं कार्रवाई की मांग को लेकर शहडोल एनएसयूआई ने जिला कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
Junaid Khan - शहडोल। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर शहडोल के नाम ज्ञापन सौंपकर NEET परीक्षा 2026 में हुए कथित पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जाँच की मांग की गई। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि NEET परीक्षा 2026 में लगभग 600 अंकों के प्रश्न वायरल हुए पेपर से हुबहू मेल खाते पाए गए हैं, यहाँ तक कि प्रश्नों के विकल्पों का क्रम भी समान बताया जा रहा है। एनएसयूआई ने इसे देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय बताते हुए निष्पक्ष जाँच की आवश्यकता पर जोर दिया। एनएसयूआई ने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जाँच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही संगठन ने प्रभावित विद्यार्थियों के हित में न्यायसंगत निर्णय लेते हुए पुनः परीक्षा अथवा अन्य उचित समाधान की मांग भी की। ज्ञापन के माध्यम से यह भी कहा गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु परीक्षा प्रणाली में सख्त सुधार किए जाएँ एवं सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देते समय प्रमुख रूप से एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी, जिला उपाध्यक्ष,आशीष द्विवेदी,जिला उपाध्यक्ष सिमरन कौर,दीपांशु गुप्ता,शिवांशु साहू, महेंद्र यादव,अमन तिवारी, ओम साहू,ऋषभ दुबे,सुमित सिंह सेंगर,हर्षित सिंह बघेल,हर्षित श्रीवास्तव,दीपक,सुमित, कृतेन्द्र सहित काफी संख्या में छात्र छात्राएं एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
