कियोस्क स्वीकृति के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत लेते सेंट्रल बैंक के सहायक प्रबंधक को सीबीआई ने रंगे हाथों दबोचा

कियोस्क स्वीकृति के बदले 10 हजार रुपये रिश्वत लेते सेंट्रल बैंक के सहायक प्रबंधक को सीबीआई ने रंगे हाथों दबोचा 


Junaid Khan - शहडोल। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय (सीबीआई) की जबलपुर इकाई ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय में पदस्थ सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को शहडोल शहर में की गई, जिससे बैंकिंग क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार शहडोल निवासी दीपेंद्र सिंह ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अंतर्गत चार बैंकिंग कियोस्क संचालित करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। आरोप है कि आवेदन की स्वीकृति एवं आवश्यक अनुमति जारी करने के एवज में बैंक के सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बार-बार रिश्वत की मांग किए जाने से परेशान होकर दीपेंद्र सिंह ने मामले की शिकायत सीबीआई जबलपुर इकाई के पुलिस अधीक्षक एस.के. राठी से की। शिकायत प्राप्त होने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई। इसके बाद सीबीआई की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की। तय योजना के अनुसार सहायक प्रबंधक अभ्यंकर शर्मा ने शिकायतकर्ता दीपेंद्र सिंह को बैंक के बाहर गुरुद्वारे के पास बुलाया और वहां 10 हजार रुपये की रिश्वत ली। जैसे ही आरोपी अधिकारी ने रिश्वत की रकम अपने कब्जे में ली, पहले से आसपास मौजूद सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार सीबीआई द्वारा आरोपी के कार्यालय और अन्य संबंधित स्थानों पर भी जांच की कार्रवाई की जा सकती है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सीबीआई की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। वहीं बैंकिंग सेवाओं से जुड़े लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से आम नागरिकों में विश्वास बढ़ेगा और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Previous Post Next Post