घरौला मोहल्ला वार्ड क्रमांक 19 में जनकल्याण शिविर आयोजित,
Junaid Khan - शहडोल। घरौला मोहल्ला वार्ड क्रमांक 19 स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्कूल परिसर में नगर पालिका द्वारा जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के सफल संचालन में वार्ड पार्षद सिल्लू रजक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों को शिविर की जानकारी देकर अधिक से अधिक हितग्राहियों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जनकल्याण शिविर में शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के संबंध में आवेदन, पंजीयन एवं मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई। शिविर के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं (वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन), समग्र आईडी सेवाएं, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, जलकर एवं संपत्तिकर संबंधी समस्याओं का निराकरण, स्वच्छता एवं नगरीय विकास योजनाएं तथा अन्य नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्य संपादित किए गए। नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक आवेदनों की प्रक्रिया पूरी की। इस अवसर पर पार्षद सिल्लू रजक ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपने वार्ड में ही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध हो रहा है, जिससे आमजन को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। शिविर में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, हितग्राहियों तथा नगर पालिका कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। जनकल्याण शिविर को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने इस पहल की सराहना की।
