खेल और प्रतिभा को निखारने का ऐतिहासिक प्रशासनिक व संस्थागत प्रयास,शहडोल के आंगन से अब निकलेंगे देश के भावी फुटबॉल स्टार
Junaid Khan - शहडोल। शहडोल संभाग के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है, जो यहां के प्रतिभावान और ऊर्जावान युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को सीधे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर चमकने का अवसर देगा। मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में, जिला फुटबॉल संघ शहडोल द्वारा खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। स्थानीय प्रशासन, खेल विभाग और जनप्रतिनिधियों के साझा विजन व दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है कि मध्य प्रदेश फुटबॉल एकेडमी (MPFA) के लिए शहडोल में तीन दिवसीय 'निःशुल्क' चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 13 जून से 15 जून 2026 तक विचारपुर स्थित स्व. जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल मैदान पर लगने वाला यह जमघट महज एक ट्रायल नहीं, बल्कि शहडोल के दूर-दराज और ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान देने का एक महा-अभियान है। प्रशासन और खेल संघ का यह कदम साबित करता है कि यदि सही नीयत और मज़बूत इच्छाशक्ति हो, तो सीमित संसाधनों के बीच भी प्रतिभाओं के लिए तरक्की के वैश्विक रास्ते खोले जा सकते हैं। इस पूरे महा-आयोजन को धरातल पर उतारने में स्थानीय प्रशासन का सराहनीय संरक्षण और जिला फुटबॉल संघ के ऊर्जावान पदाधिकारियों का समर्पण साफ नजर आ रहा है। खेल को राजनीति और व्यावसायिकता से दूर रखकर पूरी तरह 'निःशुल्क' और पारदर्शी बनाना प्रशासन की खेल-हितैषी नीतियों की एक बड़ी जीत है। इस ऐतिहासिक चयन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और विश्वस्तरीय मापदंडों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा विशेष तौर पर वरिष्ठ और बेहद अनुभवी मुख्य प्रशिक्षक श्री आशीष पिल्ले एवं श्री स्वपन कुमार विश्वास को नियुक्त किया गया है। यह चयनकर्ता न केवल खिलाड़ियों की तकनीक को परखेंगे, बल्कि उनकी नैसर्गिक खेल भावना को तराश कर उन्हें राज्य स्तरीय एकेडमी के जरिए विश्वस्तरीय और पेशेवर प्रशिक्षण के मंच तक पहुंचाएंगे। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि 8 वर्ष से लेकर 18 वर्ष तक के सभी बालक एवं बालिका खिलाड़ी इस ट्रायल का हिस्सा बन सकते हैं। यह कदम महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने और जिले की बेटियों को खेल जगत में आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगा। इस खेल क्रांति को सफल बनाने के पीछे जिले के मार्गदर्शक और मार्गदर्शक मंडल की पूरी टीम मुस्तैदी से जुटी हुई है। माननीय विधायक और संरक्षक श्रीमती मनीषा सिंह के कुशल मार्गदर्शन, अध्यक्ष श्री इंद्रजीत सिंह छाबड़ा, कार्यकारिणी अध्यक्ष श्री मोहम्मद जकरिया, सचिव रईस अहमद, उपाध्यक्षगण श्री बालकृष्ण बंगारी, श्री ए.के. मोहंती, श्री अजय विजरा, श्री समीम खान और कोषाध्यक्ष श्री अनिल सिंह की पूरी टीम दिन-रात मैदान की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगी है। प्रशासन और खेल प्रेमियों ने संयुक्त रूप से जिले के सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों से भावुक अपील की है कि वे इस स्वर्णिम और ऐतिहासिक अवसर को हाथ से न जाने दें। 13 जून से प्रतिदिन शाम 04:00 बजे से शुरू होने वाले इस ट्रायल के लिए सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को पूरी खेल किट, फुटबॉल शू, सिन-गार्ड (Shin-Guard) और आवश्यक सामग्रियों के साथ समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। त्वरित पंजीकरण और किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी के लिए खिलाड़ी सीधे श्री अनिल सिंह (83195-49277) एवं श्री लक्ष्मी सहीस (88158-39693) से संपर्क स्थापित कर सकते हैं। निश्चित रूप से, शहडोल के खेल मैदान से उठी यह गूंज आने वाले समय में भारतीय फुटबॉल के फलक पर एक अमिट इबारत लिखेगी।
