शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने में राजनैतिक दल करें सहयोग - उप जिला निर्वाचन अधिकारी

शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने में राजनैतिक दल करें सहयोग - उप जिला निर्वाचन अधिकारी 


Junaid Khan - शहडोल। 13 जून 2026-स्थानीय निर्वाचन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सरोधन सिंह ने आगामी निर्वाचन के मद्देनजर एक अत्यंत शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार किए जाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाता सूची का शुद्ध होना सबसे पहली और महत्वपूर्ण सीढ़ी है, जिसके लिए प्रशासनिक अमला पूरी निष्ठा के साथ जमीनी स्तर पर कार्य कर रहा है। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण के विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक बिंदुओं पर राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी दल अपने-अपने स्तर पर प्रत्येक मतदान केंद्र पर अनिवार्य रूप से बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति करें। बीएलए की सक्रियता से न केवल सरकारी तंत्र को संपादन में मदद मिलेगी, बल्कि अपात्र, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और नए व पात्र युवाओं के नाम जोड़ने में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी। बैठक में बताया गया कि केंद्रों पर प्राधिकृत अधिकारियों द्वारा दावे एवं आपत्तियां 15 जून तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निराकरण 25 जून तक किया जाएगा, जबकि निराकृत दावा-आपत्ति आवेदन पत्रों की ईआरएमएस में प्रविष्टि 30 जून तक की जाएगी। चेकलिस्ट तैयार करने की अवधि 3 जुलाई तक निर्धारित है। त्रुटि सुधार के उपरांत सूची को वेंडर को वापस करने की अवधि 6 जुलाई, फोटोयुक्त एवं फोटोरहित अंतिम मतदाता सूची जनरेट करने की अवधि 9 जुलाई तथा फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची को वेबसाइट पर अपलोड करने की अवधि 10 जुलाई निर्धारित की गई है। इसी प्रकार फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची को मुद्रित कर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराने की अवधि 16 जुलाई, नगर पालिका वार्डों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य विहित स्थानों पर अंतिम मतदाता सूची के सार्वजनिक प्रकाशन की अवधि 18 जुलाई तथा अंतिम फोटोयुक्त सूची की पीडीएफ, डीवीडी एवं सीडी की तीन प्रतियां ज्वेल केस में वेंडर से प्राप्त करने की अवधि 20 जुलाई तय की गई है।

 मास्टर ट्रेनर ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची की फोटोरहित डीवीडी एवं सीडी विक्रय हेतु उपलब्ध कराने की अवधि 21 जुलाई तथा फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची के सार्वजनिक प्रकाशन का प्रमाण-पत्र स्कैन करने, नगरीय निकायों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सूची उपलब्ध कराने एवं स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित करने की अवधि 22 जुलाई निर्धारित की गई है। बैठक में निर्वाचन सुपरवाइजर श्री संजय खरे सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि श्री विष्णुप्रताप सिंह, अरफाना बेगम सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post