पार्षद ने कराया नवजात शिशु का अंतिम संस्कार
Junaid Khan - शहडोल। पार्षद एवं नंदी गौ सेवा धाम के सदस्यों को एक अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक घटना की सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीधी थाना क्षेत्र के माहुआ टोला में एक नाबालिग बालिका द्वारा जन्मे नवजात शिशु की जन्म के 12 दिन बाद मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। समस्त औपचारिकताएं पूर्ण होने के पश्चात आकाशवाणी रेडियो स्टेशन के सामने स्थित श्मशान भूमि में नवजात शिशु का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए पार्षद द्वारा अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था कराई गई तथा नवजात को सम्मानपूर्वक दफनाया गया। इस कार्य में नंदी गौ सेवा धाम के सदस्यों ने भी सराहनीय सहयोग प्रदान किया। विशेष रूप से नंदी गौ सेवा टीम के सदस्य विनय कुंडे एवं अन्य साथियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनकी संवेदनशीलता एवं सेवा भावना ने मानवता का परिचय दिया। यह घटना पूरे क्षेत्र को भावुक कर देने वाली है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा पीड़ित परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।
