मिनी ब्राजील' विचारपुर में फुटबॉल का महाकुंभ,एमपी अकादमी के ट्रायल के पहले ही दिन उमड़ा 445 खिलाड़ियों का सैलाब
Junaid Khan - शहडोल। शहडोल संभाग का वह सुदूर अंचल, जिसे दुनिया 'मिनी ब्राजील' के नाम से जानती है, शनिवार को एक ऐतिहासिक खेल क्रांति का गवाह बना। जिला फुटबॉल संघ शहडोल के सचिव रईस अहमद से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ग्राम विचारपुर स्थित स्वर्गीय जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल मैदान पर जब मध्य प्रदेश फुटबॉल अकादमी के तीन दिवसीय मेगा चयन ट्रायल का शंखनाद हुआ, तो दृश्य किसी विश्व कप के रोमांच से कम नहीं था। 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के कुल 445 बालक-बालिकाओं का सैलाब मैदान पर अपनी किस्मत और कौशल आजमाने उमड़ पड़ा। यह अभूतपूर्व दृश्य न केवल खिलाड़ियों के जुनून को बयां कर रहा था, बल्कि स्थानीय प्रशासन की खेल-अनुकूल नीतियों, खेल विभाग की दूरदर्शिता और जिला खेल संघ के उस जमीनी क्रियान्वयन की भी पुष्टि कर रहा था, जिसने माटी की इस प्रतिभा को एक सही मंच देने का भगीरथ प्रयास किया है। आयोजन की गरिमा के अनुरूप, खेल परंपरा का निर्वहन करते हुए मध्य प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन (MPFA) के शीर्ष चयनकर्ताओं का जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष श्री इंद्रजीत सिंह छाबड़ा व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं बुके भेंट कर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया। इस महाकुंभ में तब और चार चांद लग गए जब ट्रायल लेने पहुंचे मप्र फुटबॉल संघ के मुख्य कोच व चयनकर्ता (जो मोहन बागान और ईस्ट बंगाल जैसे देश के शीर्षस्थ क्लबों को प्रशिक्षित कर चुके हैं) श्री स्वप्न कुमार विश्वास ने विचारपुर की इस पौध का हुनर देखकर प्रशासनिक और स्थानीय प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने बेहद भावुक और गर्वित स्वर में कहा"मैंने विचारपुर के बारे में जो सुना था, आज यह मैदान उससे कहीं आगे की गवाही दे रहा है। पूरे मध्य प्रदेश का भ्रमण करने के बाद मैं यह दावे से कह सकता हूं कि शहडोल जैसी अद्भुत खेल ऊर्जा और नैसर्गिक प्रतिभा पूरे सूबे में कहीं और नहीं है। यहाँ के स्थानीय कोचेस और संघ का जमीनी कार्य व प्रशासनिक समन्वय वंदनीय है, वह दिन दूर नहीं जब इसी विचारपुर की माटी से देश को अंतरराष्ट्रीय सितारे मिलेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष श्री इंद्रजीत सिंह छाबड़ा ने एक मील का पत्थर स्थापित करने वाली घोषणा की। उन्होंने कहा कि बीच के दौर में जिले में फुटबॉल का जो ग्राफ थोड़ा धीमा हुआ था, आज इन नन्हे बच्चों के पैरों का जादू देखकर वह चिंता हमेशा के लिए काफूर हो गई है। अब शहडोल से मिनी, जूनियर और सीनियर वर्ग की अजेय टीमें तैयार होंगी। खिलाड़ियों के सर्वोत्कृष्ट विकास के लिए उन्होंने संघ की ओर से ₹1,00,000/- (एक लाख रुपये) की तात्कालिक आर्थिक सहायता की सहर्ष घोषणा की। निःशुल्क अंतरराष्ट्रीय ट्रेनिंग से संवरेगा भविष्य, दिग्गजों की रही उपस्थिति। प्रशासन और खेल संघ के इस साझे महाअभियान के तहत, तीन दिवसीय चयन ट्रायल मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा नियुक्त दो बेहद अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय साख वाले प्रशिक्षकों श्री आशीष पिल्ले एवं श्री स्वप्न कुमार विश्वास की देखरेख में 15 जून 2026 तक संचालित होगा। यहाँ से चयनित होने वाले होनहारों को मध्य प्रदेश फुटबॉल संघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर का पूर्णतः निशुल्क प्रशिक्षण (Free International Quality Training) प्रदान किया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय पटल पर मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे। इस गौरवशाली क्षण के साक्षी के रूप में जिला फुटबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री ए.के. मोहंती, कोषाध्यक्ष श्री अनिल सिंह, रिलायंस फाउंडेशन शहडोल से डॉ. समीम खान, विचारपुर के वरिष्ठ खिलाड़ी श्री क्रेतराम सिंह, राष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच नीलेंद्र कुंडे, लक्ष्मी सहीस, नरेश कुंडे, रजनी सिंह, सीताराम सहिस, यशोदा सिंह, शंकर दहिया, संग्राम सिंह सहित भारी संख्या में खेलप्रेमी, प्रशासनिक अमला और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस फुटबॉल क्रांति की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

