न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बदहाल, न सड़क, न नाली, दोहरा टैक्स देने के बाद भी सुविधाओं से वंचित रहवासी

न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बदहाल, न सड़क, न नाली, दोहरा टैक्स देने के बाद भी सुविधाओं से वंचित रहवासी


Junaid Khan - शहडोल। जिले की सबसे पुरानी कॉलोनियों में शामिल न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी आज बुनियादी सुविधाओं के अभाव में गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। कॉलोनी के रहवासियों का आरोप है कि वर्षों से वे समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। रहवासियों के अनुसार कॉलोनी में सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। कई स्थानों पर सड़कें टूटकर गड्ढों में बदल गई हैं, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। बरसात के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। सबसे बड़ी समस्या गंदे पानी की निकासी की है। कॉलोनी में उचित नाली व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों और आसपास का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। इससे न केवल दुर्गंध फैलती है, बल्कि मच्छरों और संक्रमण का खतरा भी लगातार बना रहता है।

हाउसिंग बोर्ड के कई नाले भी खुले हुए हैं जिससे मच्छर कीड़े और सांप हमेशा निकालते रहते हैं

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ लोग अपने निजी बोरवेल का पानी सीधे सड़कों पर बहा रहे हैं, जिससे सड़कें और अधिक खराब हो रही हैं। लगातार पानी बहने से कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इसके संबंध में कई बार नगरपालिका अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। रहवासियों का कहना है कि वे दोहरा टैक्स भरते हैं—एक नगरपालिका परिषद शहडोल को और दूसरा मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड को। इसके बावजूद उन्हें न अच्छी सड़क मिल रही है, न नाली, न जल निकासी की व्यवस्था। लोगों का सवाल है कि जब नियमित रूप से टैक्स वसूला जा रहा है, तो सुविधाएं देने में लापरवाही क्यों? कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द निरीक्षण कर सड़क, नाली और जल निकासी की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

जनता का सवाल: आखिर दोहरा टैक्स लेने के बाद भी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहवासियों को बुनियादी सुविधाएं कब मिलेंगी? प्रशासन कब जागेगा? निजी बोर बेल से पानी बहाने वालों के ऊपर नगर पालिका कब चालानी कार्रवाई करेगी ताकि रोडो में पानी बहन बंद हो सरकारी पैसों से लोगों के टैक्स से बनी हुई रोड टूटने से बचे पानी बहाने वालों के ऊपर निगरानी रखे पानी बहाने वालों के ऊपर कार्यवाही हो यह मांग हाउसिंग बोर्ड के सभी लोगों की है।

Previous Post Next Post