इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक बनने वाली मॉडल रोड का नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने किया निरीक्षण
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 12 जून 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल क्षेत्रांतर्गत इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक प्रस्तावित मॉडल रोड निर्माण कार्य के शीघ्र क्रियान्वयन एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग के दोनों ओर स्थित व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की। नागरिकों एवं व्यापारी बंधुओं ने भी नगर के विकास हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक मॉडल रोड का निर्माण सीएम मॉनिट (CM MONIT) ए-प्लस नगरीय अधोसंरचना कार्ययोजना के अंतर्गत किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सड़क का उन्नयन कर इसे आधुनिक एवं सुविधायुक्त मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। प्रस्तावित मॉडल रोड परियोजना में सड़क निर्माण, रोड डिवाइडर निर्माण, विद्युत पोल शिफ्टिंग, सेंट्रल लाइट स्थापना, फुटपाथ विकास तथा अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं। परियोजना के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी तथा नगर की सौंदर्यता एवं व्यवस्थित शहरी विकास को नई पहचान मिलेगी। नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि यह परियोजना शहडोल शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मॉडल रोड के निर्माण से आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर का स्वरूप अधिक आकर्षक और आधुनिक बनेगा। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री श्री पुनीत त्रिपाठी, उपयंत्री श्री शरद द्विवेदी, मोतीलाल सिंह ,स्वच्छता निरीक्षक अनिल महोबिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
