फर्जी बैंक खाते खोलकर ऑनलाइन ठगों को उपलब्ध कराने वाले गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार

फर्जी बैंक खाते खोलकर ऑनलाइन ठगों को उपलब्ध कराने वाले गिरोह का फरार आरोपी गिरफ्तार


Junaid Khan - शहडोल। थाना बुढार के अपराध क्रमांक 265/2025 में विवेचना के दौरान शहडोल पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। साइबर ठगी के लिए फर्जी बैंक खाते खोलने एवं उन्हें ऑनलाइन ठगों को उपलब्ध कराने वाले संगठित गिरोह के फरार आरोपी वंश सिंह बघेल पिता विनोद सिंह बघेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम पकरिया, थाना बुढार, जिला शहडोल को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया। उल्लेखनीय है कि दिनांक 16.04.2025 को थाना बुढार में शिकायत प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा स्वयं को गूगल पे एजेंट बताकर भोले-भाले व्यापारियों एवं ग्रामीणों के आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य महत्त्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर उनके नाम से विभिन्न बैंकों एवं ऑनलाइन पेमेंट बैंकों में खाते खोले जा रहे हैं तथा इन खातों का उपयोग साइबर ठगी में किया जा रहा है। इस संबंध में थाना बुढार में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपीगण टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन ठगों के संपर्क में रहकर ग्रामीणों एवं व्यापारियों को विभिन्न प्रलोभन देकर उनके नाम से फर्जी खाते खोलते थे तथा उन खातों से संबंधित एटीएम कार्ड, पासबुक एवं मोबाइल नंबर साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। प्रकरण में पूर्व में कई आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा अन्य 02 आरोपी फरार हैं, आरोपियों की तलाश जारी है। इसी क्रम में फरार आरोपी वंश सिंह बघेल की लगातार तलाश की जा रही थी। बुढ़ार पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।

Previous Post Next Post