दीदी कैफे के माध्यम से घर से दूर घर जैसा स्वाद अस्पताल आने वाले मरीजों एवं परिजनों को मिलेगा

कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने जिला चिकित्सालय के दीदी कैफे का किया शुभारंभ, चखा स्वाद 


Junaid Khan - शहडोल। 10 जून 2026- कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिला चिकित्सालय परिसर शहडोल में आजीविका मिशन के माध्यम से जमुना स्व. सहायता समूह की महिलाओ द्वारा संचालित आजीविका दीदी कैफे का फीता काटकर शुभांरभ किया एवं दीदी कैफे में बनाएं गए खाद्य पदार्थों का स्वाद भी चखा। 

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कहा कि दीदी कैफे के संचालित होने से कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजो एवं उनके परिजनो को अस्पताल परिसर में ही शुद्ध, स्वादिष्ट, स्वच्छ एवं उचित दर पर खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही स्व. सहायता समूह की दीदीयों को रोजगार मिलेगा जिससे महिलाएं सशक्त और आत्मनिर्भरता की राह पर अग्रसर होगी। आजीविका दीदी कैफे में दलिया, खिचड़ी उपमा, लस्सी, चाय, फाफी, दूध, समोसा, पोहा जैसे अन्य नास्ता खाद्य सामग्री उचित दरो में उपलब्ध होगी। 

सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने कहा कि दीदी कैफे के प्रारंभ हो जाने से मरीजों एवं उनके परिजनों को बहुप्रतीक्षित सुविधा का लाभ मिलने लगा है। इस अवसर पर उन्होेने समूह की दीदीयों को सामग्री खरीदी, बिक्री, वित्तीय प्रबंधन तथा पंजी संधारण के संबंध में जानकारी दी। दीदी कैफे के संचालन में जिला समन्वयक ग्रामीण आजीविका मिशन श्री अजय सिंह द्वारा अस्पताल परिसर में भूमि चयन एवं एफएसएसएआई लायसेंस हेतु मार्गदर्शन दिया गया। लघु उद्यम प्रमुख संदीप दीक्षित द्वारा उत्पाद व साफ्ट स्किल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. शिल्फी सराफ, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पाण्डेय, आजीविका मिशन के श्री विनोद सिंह, तमन्ना खान, आकांक्षा पाण्डेय तथा वृन्दावन अहिरवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

Previous Post Next Post