नरवार-बिजौरी में अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई

खनिज एवं वन विभाग ने 520 घनमीटर से अधिक अवैध रेत भंडारण किया नष्ट, भूमि स्वामियों पर भी गिरेगी गाज



Junaid Khan - शहडोल। जिले के सोहागपुर तहसील अंतर्गत ग्राम नरवार एवं बिजौरी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और भंडारण की मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शहडोल के निर्देशन एवं खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में बुधवार को खनिज विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बिजौरी, बगैहा और नरवार क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम बिजौरी स्थित मुड़ना नदी के समीप बड़े पैमाने पर अवैध रेत का भंडारण पाया गया। विभागीय दल को नदी किनारे लगभग 250 घनमीटर, अमृत सरोवर तालाब के पास लगभग 200 घनमीटर तथा मार्ग के किनारे लगभग 70 घनमीटर रेत का अवैध स्टॉक मिला। इस प्रकार कुल 520 घनमीटर से अधिक रेत अवैध रूप से भंडारित पाई गई।

कार्रवाई के दौरान विभाग ने जेसीबी मशीन की सहायता से रेत में मिट्टी मिलाकर पूरे अवैध भंडारण को नष्ट कर दिया, ताकि इसका दोबारा व्यावसायिक उपयोग न किया जा सके। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मौजूद रेत भंडारण स्थल की शिकायत करने वालों से संपर्क भी किया गया और उन्हें स्थल पर उपस्थित होने के लिए कहा गया, लेकिन कोई भी शिकायतकर्ता मौके पर नहीं पहुंचा। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी ग्राम बिजौरी में लगभग 300 घनमीटर अवैध रेत भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार सामने आ रहे मामलों से स्पष्ट है कि क्षेत्र में अवैध रेत कारोबारियों द्वारा निजी भूमियों का उपयोग भंडारण केंद्र के रूप में किया जा रहा है। खनिज विभाग ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई निजी भूमि पर भी अवैध रूप से रेत भंडारित किए जाने के संकेत मिले हैं। संबंधित भूमियों को चिन्हित कर लिया गया है तथा राजस्व विभाग से भूमि स्वामित्व का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन पूर्ण होने के बाद संबंधित भूमि स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार नरवार, बिजौरी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए खनिज एवं वन विभाग का अमला लगातार निगरानी कर रहा है। विभाग का कहना है कि किसी भी स्थिति में अवैध उत्खनन और भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। नरवार, बिजौरी और बगैहा क्षेत्र में संयुक्त निरीक्षण। 520 घनमीटर से अधिक अवैध रेत भंडारण मिला। जेसीबी से मिट्टी मिलाकर पूरा स्टॉक किया गया नष्ट। पहले भी 300 घनमीटर अवैध रेत पर हो चुकी है कार्रवाई। निजी भूमि स्वामियों की भूमिका की जांच शुरू। सत्यापन के बाद दर्ज होंगे प्रकरण। खनिज एवं वन विभाग की सतत निगरानी जारी। प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध रेत कारोबारियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अब लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post