सोहागपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद, पुलिस गश्त की खुली पोल,त्रिदेव होटल के पास दोपहर के सन्नाटे में वारदात से श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश
Junaid Khan - शहडोल। जिला मुख्यालय के सोहागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाकों में इन दिनों शातिर चोरों और असामाजिक तत्वों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो कानून का खौफ रह गया है और न ही भगवान का डर। बदमाशों ने इस बार सीधे सनातन आस्था के प्रमुख केंद्र पर प्रहार करते हुए पुलिसिया गश्त के दावों की सरेआम धज्जियां उड़ा दी हैं। सनसनीखेज मामला त्रिदेव होटल के समीप स्थित एक अत्यंत प्राचीन हनुमान मंदिर का है, जहां बीते २ जून की दोपहर को जब मंदिर के पट बंद थे, तभी सूनेपन का फायदा उठाकर अज्ञात नकाबपोश चोरों ने मंदिर परिसर के भीतर धावा बोल दिया। शातिर अपराधियों ने मंदिर की लोहे की मजबूत दानपेटी को बेरहमी से तोड़ डाला और उसमें श्रद्धापूर्वक अर्पित की गई करीब एक महीने की पूरी नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गए। इस शर्मनाक वारदात के बाद से पूरे सोहागपुर और आसपास के इलाके के श्रद्धालुओं सहित स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश उबल रहा है।
एक महीने का चढ़ावा ले उड़े शातिर चोर,पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म, हाथ अब तक खाली
धार्मिक नगरी में लगातार हो रही इन चोरियों से साफ है कि अपराधियों के दिलो-दिमाग से पुलिस का इकबाल और खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। बताया जा रहा है कि हनुमान मंदिर की दानपेटी पिछले करीब एक महीने से नहीं खोली गई थी, जिसके कारण उसमें श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा से अर्पित की गई भारी-भरकम राशि जमा थी, जिसे चोरों ने साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के समय पुजारी के अकेले होने और सहम जाने के कारण मामले की औपचारिक लिखित शिकायत तुरंत थाने नहीं पहुंच सकी थी। लेकिन जब एक जागरूक स्थानीय पत्रकार ने सजगता दिखाते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर पुजारी से बात की, तब जाकर इस सनसनीखेज और बड़ी चोरी का सनसनीखेज भंडाफोड़ हुआ। इससे पहले भी शहर के प्रतिष्ठित झूलेलाल मंदिर में भी इसी तरह दानपेटी तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा चुका है, लेकिन सोहागपुर पुलिस के हाथ अब तक पूरी तरह खाली हैं, जिससे खाकी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान लग रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग,गिरफ्तारी न होने पर उग्र जनआंदोलन की चेतावनी
इस बड़ी वारदात के बाद स्थानीय नागरिकों ने सोहागपुर थाना प्रभारी और जिला पुलिस प्रशासन से तीखे लहजे में मांग की है कि सोहागपुर में अब कोई भी धार्मिक स्थल सुरक्षित नहीं बचा है, इसलिए पुलिस अपनी सुस्ती त्यागे। नागरिकों ने मांग की है कि तत्काल मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेकर त्रिदेव होटल और उसके आसपास के पूरे इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज बारीकी से खंगाले जाएं, ताकि इन नकाबपोश लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके। प्रबुद्ध नागरिकों और बजरंगबली के भक्तों ने दो टूक शब्दों में जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि आगामी कुछ दिनों के भीतर इन शातिर चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई और चोरी की गई राशि बरामद नहीं की गई, तो समूचे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को लामबंद कर एक उग्र जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी।
