कांग्रेस समन्वय समिति की बैठक संपन्न, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर दिया गया जोर
Junaid Khan - शहडोल। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल की समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिला कांग्रेस कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी एवं नारायण पट्टा, फुंदेलाल सिंह मार्को की विशिष्ट उपस्थिति तथा जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी की अध्यक्षता रही। अपने उद्बोधन में विधायक नारायण पट्टा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जनता की आवाज को प्रमुखता देती आई है और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर आमजन की समस्याओं को सुनने तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन और निरंतर जनसंपर्क अत्यंत आवश्यक है। पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की विचारधारा समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा प्रदेश एवं केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरुद्ध लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता ही आने वाले समय में कांग्रेस को और अधिक सशक्त बनाएगी। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला कांग्रेस संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को समर्पण भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। बैठक में संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ समितियों के गठन, जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम मे मुख्य रूप से जिला संगठन प्रभारी विधायक नारायण पट्टा,पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह, जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी,पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कटारे,पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी,पूर्व जिलाध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम,किसान कांग्रेस अध्यक्ष हरिमोहन तिवारी, जिला मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा, नगर अध्यक्ष प्रभात पाण्डेय,जिला उपाध्यक्ष राजीव शर्मा,सोहागपुर ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतमदास सोनी, युवा काँग्रेस जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम,सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष प्रीतेश द्विवेदी,एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी,सेवादल जिलाध्यक्ष प्रमोद जैन,खैरहा ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक द्विवेदी,ओबीसी जिलाध्यक्ष सत्यनारायण साहू, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नरेन्द्र मरावी,रामलखन सिंह,जनपद अध्यक्ष बुढ़ार उमा धुर्वे, संतोष पाण्डेय,सिंहपुर ब्लाक अध्यक्ष अजीत सोनी,जैतपुर ब्लॉक अध्यक्ष मनोज सिंह, मुख्य निर्वाचन प्रभारी विष्णू प्रताप सिंह,कुंज बिहारी द्विवेदी,सुरेश विश्वकर्मा, अनिल पटेल,रमेश मिश्रा, सुंदर लाल गुप्ता, महेश सिंह आदि काँग्रेसजन उपस्थित रहे।
