अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान दोनों ऐतिहासिक बरगद के वृक्षों के संरक्षण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान दोनों ऐतिहासिक बरगद के वृक्षों के संरक्षण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन 




Junaid Khan - शहडोल। शहर के इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान स्वास्तिक गैलेक्सी एवं आईसीआईसीआई बैंक के सामने स्थित वर्षों पुराने विशाल बरगद (वट) के वृक्षों के संरक्षण की मांग को लेकर आज अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान की टीम ने नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशान सिंह ठाकुर को ज्ञापन सौंपा। संस्थान की ओर से निवेदन किया गया कि सड़क चौड़ीकरण शहर के विकास के लिए आवश्यक है और संस्था इसका स्वागत करती है, किन्तु विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ज्ञापन में आग्रह किया गया कि सड़क निर्माण की योजना में आवश्यक तकनीकी परिवर्तन अथवा वैकल्पिक व्यवस्था कर इन दोनों ऐतिहासिक बरगद के वृक्षों को सुरक्षित रखा जाए। संस्थान ने बताया कि ये वृक्ष केवल पेड़ नहीं हैं, बल्कि वर्षों से हजारों राहगीरों को छाया प्रदान कर रहे हैं, अनेक पक्षियों का आश्रय हैं तथा शहर की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए भी आवश्यक है। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशान सिंह ठाकुर से आग्रह किया गया कि वे जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन वृक्षों के संरक्षण के लिए सकारात्मक पहल करें। अटल कामधेनु गौसेवा संस्थान ने सभी शहरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों से भी अपील की है कि वे इस जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ें तथा अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुँचाएँ। संदेश एक ही है। विकास भी हो, प्रकृति भी बचे। सड़क भी बने, बरगद भी बचें।

Previous Post Next Post