मानवता की सेवा में रोटरी क्लब ने रचे नए कीर्तिमान, अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता के विदाई समारोह में उमड़ा रोटेरियंस का सैलाब
Junaid Khan - शहडोल। नर सेवा को ही नारायण सेवा मानने वाले और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने वाले रोटरी क्लब शहडोल ने सेवा और समर्पण का एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय लिख दिया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। रोटरी क्लब के ऊर्जावान अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता के सफल एवं ऐतिहासिक कार्यकाल के समापन के अवसर पर 28 जून 2026 को स्थानीय होटल सूर्या इंटरनेशनल में एक गरिमामय एवं भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी विदाई बेला को 'कृतज्ञता और आभार' के उत्सव में बदलते हुए निवर्तमान अध्यक्ष द्वारा क्लब के सभी सदस्यों को सपरिवार एक शानदार डिनर पार्टी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल उस समय बेहद भावुक और गरिमा से भर गया, जब अध्यक्ष श्री गुप्ता ने मंच से बोलते हुए रोटरी को मात्र एक संस्था नहीं, बल्कि एक अटूट और निस्वार्थ परिवार की संज्ञा दी। उन्होंने बेहद आत्मीय शब्दों में कहा कि समाज सेवा का यह कठिन सफर केवल उनके अकेले का नहीं था, बल्कि रोटरी परिवार के हर एक साथी ने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से तन, मन और धन को न्योछावर कर निस्वार्थ भाव से इस महायज्ञ में अपनी आहुति दी है। सहकर्मियों और रोटेरियन साथियों के इसी अद्भुत, निःस्वार्थ सहयोग की बदौलत ही उनका यह पूरा कार्यकाल ऐतिहासिक और अविस्मरणीय उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा। श्री गुप्ता के इस एक वर्षीय कार्यकाल के दौरान रोटरी क्लब शहडोल ने सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं की जो अनूठी मिसाल पेश की, उसकी गूंज पूरे संभाग में है। डॉक्टरों और शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने से लेकर बालिकाओं की व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, और भीषण ठंड में गरीब-असहाय वर्ग को गर्म कपड़ों का मुफ्त वितरण कर संस्था ने समाज को सीधे तौर पर छुआ है। यही नहीं, भीषण गर्मी में जिला चिकित्सालय में निशुल्क प्याऊ की व्यवस्था और सबसे संवेदनशील कार्य के रूप में गरीबों हेतु 'निशुल्क शव वाहन' की स्थाई सौगात देकर रोटरी क्लब ने नागरिकों के दिलों में एक अमिट जगह बनाई है। इस बेमिसाल कार्यकाल की दो सबसे बड़ी और युगांतरकारी उपलब्धियां रहीं पहला, मध्य प्रदेश स्तर पर रोटरी क्लब के सभी अध्यक्षों एवं सेक्रेटरी के उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का सफल आयोजन, और दूसरा, संभाग का अब तक का सबसे ऐतिहासिक 'राहत निशुल्क विशाल मेडिकल कैंप'। इस मेगा कैंप के अंतर्गत शहडोल संभाग के 21 हजार से अधिक असहाय और जरूरतमंद मरीजों का देश के विख्यात और शीर्ष सर्जन्स व चिकित्सकों द्वारा न केवल निशुल्क इलाज किया गया, बल्कि उनकी जटिल सर्जरीज कर उन्हें नया जीवन प्रदान किया गया। यह अपने आप में एक ऐसा कीर्तिमान है जिसने रोटरी क्लब शहडोल की साख को पूरे प्रदेश में सर्वोच्च स्थान पर ला खड़ा किया है। परंपरा के अनुसार रोटरी में हर वर्ष अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के पदों का दायित्व आम सहमति से नई टीम को सौंपा जाता है। इसी लोकतांत्रिक और गरिमामय व्यवस्था के तहत श्री गुप्ता ने वर्ष 2026-27 के लिए कमान संभालने जा रही नई टीम को अपनी आत्मीय और हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अपने संबोधन के आखिरी क्षणों में उन्होंने बेहद भावुक, लेकिन दृढ़ संकल्पित स्वर में कहा कि 'भले ही संवैधानिक रूप से मेरा कार्यकाल समाप्त हो रहा है और अगले वर्ष मैं इस सम्मानित पद पर नहीं रहूंगा, किंतु एक सच्चे रोटेरियन के रूप में समाज सेवा, जन-कल्याण और पीड़ित मानवता की सेवा के लिए मेरे कदम कभी पीछे नहीं हटेंगे; मैं जीवन भर समाज के लिए इसी तरह तत्पर और समर्पित रहूंगा।' विदाई के इस भावुक क्षण में उपस्थित सभी रोटेरियन साथियों ने खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ निवर्तमान अध्यक्ष की कार्यशैली, उनकी कर्मठता और रोटरी के इस स्वर्णिम कालखंड की मुक्तकंठ से सराहना की और नई टीम का स्वागत किया।
