अवैध रेत परिवहन पर ब्यौहारी पुलिस की प्रभावी कार्रवाई, रेत से भरा हाईवा ट्रक जप्त
Junaid Khan - शहडोल। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 28 जून 2026 को थाना ब्यौहारी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कल्हारी स्थित समधिन नदी के पास झाड़ियों के बीच एक हाईवा ट्रक में अवैध रूप से रेत लोड की जा रही है तथा वाहन तकनीकी खराबी के कारण मौके पर खड़ा है। सूचना पर तत्काल थाना ब्यौहारी पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जहां हाईवा ट्रक क्रमांक MP 18 ZC 4010 में रेत लोड होना पाया गया। मौके पर उपस्थित चालक राम सजीवन यादव पिता स्वामीदीन यादव, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम अमलई, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान चालक द्वारा वाहन में लोड रेत के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके पर उपलब्ध तथ्यों एवं वैध दस्तावेजों के अभाव में पुलिस द्वारा हाईवा में लोड लगभग 50,000 रुपये मूल्य की अवैध रेत सहित हाईवा ट्रक क्रमांक MP 18 ZC 4010 को विधिवत जप्त किया गया। उक्त मामले में चालक राम सजीवन यादव, वाहन स्वामी दीमान्सु मिश्रा उर्फ छोटू तथा रेत ठीहा संचालक अतुल सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS), खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम तथा मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। उक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी निरी. जियाउल हक हमराह स्टाफ उ.नि. बालकरण प्रजापति, प्र.आर. हीरा सिंह, आर. विवेक सूर्या, आर. गंगा सागर गुप्ता एवं आर. पंकज की सराहनीय भूमिका रही।
