संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी,मप्र कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग ने अनूपपुर में एज़ाज़ खान को सौंपी कमान, तीन-तीन नामों का बनेगा पैनल
Junaid Khan - शहडोल। भोपाल अनूपपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग में पिछले दिनों प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक की समस्त कार्यकारिणी को भंग किए जाने के बाद अब संगठन को नए सिरे से पुनर्जीवित करने और जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे, लोक सभा में विपक्ष के नेता व सांसद राहुल गांधी, अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, मध्य प्रदेश प्रभारी व नेशनल कोऑर्डिनेटर आबिद कागज़ी, सह-प्रभारी लियाकत गद्दी तथा मध्य प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शेख अलीम की आपसी सहमति और उच्च स्तरीय विमर्श के बाद एक बड़ा और रणनीतिक निर्णय लिया गया है। संगठन को ब्लॉक और बूथ स्तर तक धारदार बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी के सक्रिय, ऊर्जावान और कर्मठ युवा नेता एज़ाज़ खान को जिला अनूपपुर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। शीर्ष नेतृत्व के इस कदम को राजनैतिक विश्लेषक क्षेत्र में अल्पसंख्यक विंग को एक नई दिशा और ऊर्जा देने वाला मान रहे हैं। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालते ही नवनियुक्त प्रभारी एज़ाज़ खान के कंधों पर अनूपपुर जिले में नए, निष्ठावान और सक्रिय जिलाध्यक्ष की तलाश करने का बड़ा जिम्मा आ गया है। इस पूरी चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, लोकतांत्रिक और योग्यता आधारित बनाने के लिए प्रत्येक जिले से तीन-तीन योग्य एवं जनाधार वाले नामों का एक विशेष पैनल तैयार किया जा रहा है। कांग्रेस के शीर्ष कमान द्वारा इस प्रकार जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को परख कर आगे लाने की इस अनूठी और अनुशासित कार्यप्रणाली की जमकर सराहना हो रही है। इस निर्णय से न केवल संगठन में वर्षों से पसीना बहा रहे जमीनी और कर्मठ कार्यकर्ताओं का मनोबल सातवें आसमान पर पहुँच गया है, बल्कि राजनैतिक गलियारों में भी इस बात की चर्चा है कि कांग्रेस अब आगामी चुनौतियों को देखते हुए पूरी तरह से एक्टिव मोड में आ चुकी है। युवा नेतृत्व पर भरोसा जताने का यह फैसला आने वाले समय में जिले की सियासत में कांग्रेस की पकड़ को और अधिक मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा।
