जैविक सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण की परीक्षा संपन्न, महिलाओं ने दिखाया उत्साह
Junaid Khan - शहडोल। 12 जुलाई 2026 सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) शहडोल में मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से आयोजित 12 दिवसीय जैविक सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण का समापन लिखित एवं मौखिक परीक्षा के साथ हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर स्वरोजगार के लिए तैयार करना था। संस्थान के संचालक विप्लव चंद्रा ने बताया कि प्रशिक्षण में ब्यौहारी, बुढार, जयसिंहनगर, गोहपारू एवं सोहागपुर विकासखंड की महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जैविक सब्जी उत्पादन, नर्सरी प्रबंधन, उन्नत कृषि तकनीक तथा स्वरोजगार से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। परीक्षा का आयोजन ओम प्रकाश चतुर्वेदी, परीक्षा नियंत्रक एवं प्रमाणीकरण, रूडसेटी भारत सरकार भोपाल के निर्देशन में किया गया। सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन विषय की परीक्षा रामसुख दुबे (कटनी) तथा बैंकिंग विषय की परीक्षा पवन कुमार पांडे (शहडोल) द्वारा संपन्न कराई गई। परीक्षा में प्रतिभागियों का मूल्यांकन नर्सरी प्रबंधन, सब्जियों के बीज एवं किस्मों की जानकारी, कीट एवं रोग नियंत्रण की जैविक विधियां, मिट्टी परीक्षण, जैविक खाद एवं कीटनाशक निर्माण, मल्चिंग, स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सिंचाई, पॉलीहाउस तकनीक सहित बैंकिंग, बीमा योजनाओं एवं उद्यमिता से जुड़े विषयों पर किया गया। साथ ही प्रायोगिक परीक्षा के दौरान केंचुआ खाद निर्माण, जैविक खाद एवं कीटनाशकों की तैयारी, सब्जी नर्सरी और पौधों में बडिंग तकनीक का भी अवलोकन कराया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं परीक्षा संपन्न कराने में संस्थान के कर्मचारी दुर्गेश गुप्ता, ज्ञान सागर एवं अंजलि गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं जैविक खेती के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
