शासकीय एमएलबी स्कूल में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
Junaid Khan - शहडोल। 12 जुलाई 2026 पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय एमएलबी स्कूल, शहडोल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय की प्राचार्य साधना जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा एवं संरक्षण करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में आम, जामुन, अमरूद, नीम, पीपल एवं गुलमोहर सहित फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। छात्राओं ने पौधों की देखभाल का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिकाएं अर्चना सिंह, अंजनी शुक्ला, अंजना त्रिवेदी एवं राधा मिश्रा सहित विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया गया।
