किसान क्रेडिट कार्ड से आसान हुआ खेती के लिए ऋण, कम ब्याज के साथ मिलती है बीमा सुरक्षा
Junaid Khan - शहडोल। 18 जुलाई 2026/ खेती-किसानी के लिए समय पर पूंजी उपलब्ध कराना किसानों की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना किसानों को कम ब्याज दर पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही बीमा सुरक्षा का लाभ भी प्रदान कर रही है। इस योजना के माध्यम से किसान खाद-बीज, उर्वरक, कृषि उपकरण तथा अन्य कृषि कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उप संचालक कृषि शहडोल ने बताया कि जिले के पात्र किसान किसी भी बैंक के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड बनवा सकते हैं। किसान द्वारा समय पर ऋण का भुगतान करने पर ब्याज में तीन प्रतिशत की छूट मिलती है, जिससे उसे केवल चार प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर ऋण का लाभ मिलता है। साथ ही ऋण चुकाने के बाद अगली फसल के लिए पुनः ऋण सुविधा भी उपलब्ध रहती है। उन्होंने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड के साथ किसानों को दुर्घटना एवं जीवन बीमा सुरक्षा का लाभ भी मिलता है। कार्डधारक किसान की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को 50 हजार रुपये तथा स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए किसान को आवेदन पत्र के साथ भूमि का खसरा संबंधित बैंक में जमा करना होता है। कार्ड की वैधता पांच वर्ष होती है और इसकी कार्यशील पूंजी का नवीनीकरण समय-समय पर किया जाता है। तीन लाख रुपये तक के केसीसी पर बैंक कोई प्रोसेसिंग शुल्क नहीं लेते तथा किसान को केवल उतनी ही राशि पर ब्याज देना होता है, जितनी राशि का वह उपयोग करता है। यह योजना किसानों को साहूकारों पर निर्भरता से मुक्त कर आधुनिक और लाभकारी खेती की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।
