देश का युवा नशामुक्त रहेगा तो भारत बनेगा सशक्त और विकसित- विधायक मनीषा सिंह

पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का किया आह्वान


Junaid Khan - शहडोल। 15 जुलाई 2026 मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत शहडोल के स्वामी विवेकानंद पार्क स्थित सामुदायिक भवन में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता बढ़ाना रहा। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए सबसे पहले हमें अपने परिवार से शुरुआत करनी होगी। उन्होनें कहा कि हम सब अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें, उनकी संगति पर ध्यान रखें और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यदि हमारा युवा स्वस्थ और नशामुक्त रहेगा, तो हमारा देश भी स्वस्थ, सशक्त और विकसित बनेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाया जा रहा नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने, स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का नुकसान करता है। नशे की लत से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाता है और परिवार बिखरने लगते हैं। इसलिए हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करे। उन्होंने कहा कि नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत जिले के चिन्हित नशे के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। पुलिस की टीमें गांव-गांव पहुंचकर लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी देंगी तथा युवाओं और अभिभावकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में रंगोली, चित्रकला, निबंध, भाषण, पोस्टर निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से भी नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और जनजागरूकता से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनन्द राय सिन्हा, डाॅ. पुनीत श्रीवास्तव, ब्रम्हकुमारी संस्थान से बहन रीता, विभिन्न स्कूल के छात्र-छात्राएं, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकार एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post