गोवंश सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग,अपर कलेक्टर एवं एडीएम को सौंपा ज्ञापन

गोवंश सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग,अपर कलेक्टर एवं एडीएम को सौंपा ज्ञापन


Junaid Khan - शहडोल। अटल कामधेनु गौ सेवा संस्थान के गौसेवक गौरव राल्ही मिश्रा, राम दुबे एवं प्रियांक मिश्रा ने अपर कलेक्टर श्री सर्वर्धन सिंह से मुलाकात कर जिले में लगातार बढ़ रही गोवंश सड़क दुर्घटनाओं एवं गोवंश की दुर्दशा पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। गौसेवकों ने कहा कि गोवंश की दुर्दशा का सबसे बड़ा कारण यह है कि कई पशुपालक दूध देना बंद होने पर अपने गोवंश को सड़कों पर बेसहारा छोड़ देते हैं। यही निराश्रित गोवंश सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं, भूख-प्यास से पीड़ित रहते हैं और कई बार अवैध तस्करी एवं वध जैसी गंभीर परिस्थितियों में भी फंस जाते हैं। ऐसे पशुपालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। संस्थान ने बताया कि जिले में अनेक गौशालाएं होने के बावजूद नगर पालिका क्षेत्र की सड़कों पर बड़ी संख्या में गोवंश खुले में बैठे रहते हैं। नगर पालिका द्वारा उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। परिणामस्वरूप शहडोल मुख्यालय में प्रतिदिन कई गोवंश सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। 29–30 जुलाई की दरमियानी रात होटल कुंदन पैलेस से बुढ़ार पंचवटी मार्ग तक 12 गोवंश सड़क दुर्घटना का शिकार हुए, जिनमें 9 की मृत्यु हो गई, जबकि 3 घायल गोवंशों का अटल कामधेनु गौ सेवा संस्थान द्वारा रेस्क्यू कर उपचार किया जा रहा है। संस्थान ने बताया कि प्रशासन की ओर से घायल गोवंशों के उपचार एवं पुनर्वास की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण जनसहयोग से दवाइयों, उपचार और सेवा की व्यवस्था की जा रही है। वर्तमान में संस्थान में 250 से अधिक सड़क दुर्घटना में घायल गोवंश एवं अन्य मूक जीवों की सेवा चल रही है। गौसेवकों ने बताया कि पिछले 9 वर्षों से जिला प्रशासन से आर्थिक सहयोग, दवाइयों, सेवादारों तथा हाइड्रोलिक रेस्क्यू एम्बुलेंस की मांग लगातार की जा रही है। संस्थान के सेवादार दिन-रात, हर मौसम में घायल गोवंश एवं अन्य मूक जीवों के रेस्क्यू और पुनर्वास में जुटे रहते हैं। अब तक संस्थान 25,000 से अधिक गोवंश एवं अन्य मूक जीवों को नया जीवन प्रदान कर चुका है। गौसेवकों ने प्रशासन से गोवंशों की सुरक्षा, जिम्मेदार पशुपालन सुनिश्चित कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल ठोस और स्थायी कदम उठाने की अपील की।

Previous Post Next Post