SECL दफ्तर से कंप्यूटर, सिलेंडर व AC पार, बेम्हौरी में घर से मोटरसाइकिल ले उड़े बदमाश
Junaid Khan - शहडोल। धनपुरी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त नजर आ रही है। अपराधियों और चोरों के मन से खाकी का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिसके चलते बेखौफ चोर एक के बाद एक बड़ी वारदातों को अंजाम देकर स्थानीय पुलिस और जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामले में धनपुरी थाना अंतर्गत स्थित SECL धनपुरी OCM कार्यालय को चोरों ने निशाना बनाते हुए सरकारी संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी पुष्पराज पनिका की शिकायत के मुताबिक, रात के अंधेरे में दफ्तर में घुसे शातिर चोर दो कमर्शियल गैस सिलेंडर, एचपी कंपनी का प्रिंटर, यूपीएस बैटरी, कंप्यूटर सेट, मॉनिटर, की-बोर्ड, माउस तथा एसी की इंडोर यूनिट सहित करीब 25 हजार रुपये का कीमती सामान बड़ी आसानी से समेटकर चंपत हो गए। सरकारी कार्यालय में हुई इस दुस्साहसिक चोरी ने सुरक्षा के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी है, वहीं क्षेत्र में गश्त व्यवस्था की निष्क्रियता पर भी बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है। दूसरी ओर, अपराधियों के बुलंद हौसले का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे अब सीधे लोगों के घरों में सेंध लगा रहे हैं। धनपुरी थाना क्षेत्र के ही ग्राम बेम्हौरी में अज्ञात चोरों ने एक रिहाइशी मकान पर धावा बोला। फरियादी जतिन प्रजापति के अनुसार, रात करीब 09 बजे अज्ञात आरोपी उनके घर में दाखिल हुए और लगभग 50 हजार 500 रुपये कीमत की ई-वी (इलेक्ट्रिक) मोटरसाइकिल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर रफूचक्कर हो गए। लगातार हो रही इन वारदातों से साफ है कि क्षेत्र में चोरों का नेटवर्क हावी है और जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजी खानापूर्ति और औपचारिकता तक सीमित हैं। क्या पुलिस महकमा केवल एफआईआर दर्ज करने और सीसीटीवी खंगालने का ढोंग करता रहेगा या फिर वरिष्ठ अधिकारी संज्ञान लेकर लापरवाहों पर नकेल कसेंगे? जनता अब इस लचर कार्यप्रणाली से तंग आ चुकी है और सीधे जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांग रही है।
