नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का प्रेरणादायी समापन–युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प
Junaid Khan - शहडोल। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" जन-जागरूकता अभियान के अंतिम दिवस पर सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पाण्डव नगर, शहडोल में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक शहडोल रेंज सुश्री एन. चैत्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, उप पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र मोहन दुबे, एसडीओपी श्री विकास पाण्डेय एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती शिवाली चतुर्वेदी (महिला प्रकोष्ठ) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, परिवार की खुशियों और समाज के भविष्य को नष्ट करता है। युवाओं को अपने सपनों, शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य को सर्वोपरि रखते हुए नशे से सदैव दूर रहना चाहिए। एक जागरूक युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की आधारशिला है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही, सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों द्वारा हस्ताक्षर बोर्ड पर नशामुक्ति का संकल्प अंकित कर अपने हस्ताक्षर किए गए, जिससे समाज में नशे के विरुद्ध जनभागीदारी एवं सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया गया। आइए, हम सभी मिलकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।


