बरसात में बरतें विद्युत सुरक्षा, पोल-ट्रांसफार्मर और तारों से रखें सुरक्षित दूरी

बरसात में बरतें विद्युत सुरक्षा, पोल-ट्रांसफार्मर और तारों से रखें सुरक्षित दूरी


Junaid Khan - शहडोल। 06 जुलाई 2026 बारिश के मौसम में तेज आंधी, तूफान और लगातार वर्षा के कारण विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विद्युत विभाग ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग श्री जितेंद्र गुप्ता ने नागरिकों से कहा है कि विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर तथा हाईटेंशन एवं एलटी विद्युत लाइनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। साथ ही अपने पालतू पशुओं को बिजली के खंभों या स्टे वायर से न बांधें। बारिश के दौरान गीले हाथों अथवा नंगे पैर किसी भी विद्युत उपकरण, तार या स्विच बोर्ड को छूने से बचें। उन्होंने बताया कि जलभराव वाले स्थानों पर बिजली के खंभों के पास जाना खतरनाक हो सकता है। ऐसे स्थानों पर रखे विद्युत उपकरणों का उपयोग नहीं करना चाहिए। घरों की पुरानी या खराब वायरिंग, ढीले कनेक्शन, पानी का रिसाव और कमजोर अर्थिंग भी करंट फैलने का कारण बन सकते हैं। इसलिए समय-समय पर प्रमाणित इलेक्ट्रीशियन से घरेलू वायरिंग और अर्थिंग की जांच अवश्य करानी चाहिए।

उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि कटे-फटे विद्युत तारों को तुरंत बदलें और केवल आईएसआई मार्क वाले विद्युत उपकरण एवं तारों का ही उपयोग करें। घरों में मिनिएचर सर्किट ब्रेकर (एमसीबी) और उचित अर्थिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। यदि कहीं बिजली का तार, केबल या पोल टूटा हुआ दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और न ही उसे हटाने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है। किसी भी विद्युत आपात स्थिति, दुर्घटना की आशंका अथवा टूटे हुए तार की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दें। विद्युत संबंधी शिकायत या आपात स्थिति में उपभोक्ता टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा अपने निकटतम विद्युत वितरण केंद्र में सूचना दे सकते हैं।

Previous Post Next Post