अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा,युवक की मौत,गुस्साई भीड़ ने ट्रैक्टर फूंका,सड़क पर प्रदर्शन

अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा,युवक की मौत,गुस्साई भीड़ ने ट्रैक्टर फूंका,सड़क पर प्रदर्शन 


Junaid Khan - शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भारी तनाव की स्थिति बन गई। रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी और शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, हादसे में बाइक सवार शंकर साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे रामनिवास साहू तथा उनकी पत्नी माधुरी साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने दुर्घटनाकारित ट्रैक्टर में आग लगा दी, जिससे वह धू-धू कर जलने लगा। हादसे की सूचना मिलते ही गोहपारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। इधर, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई,अवैध रेत परिवहन पर रोक तथा मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

Previous Post Next Post