पुलिस अधीक्षक शहडोल द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षणए व्यवस्थाओं का लिया जायजा एवं दिए सख्त निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने एवं आपातकालीन सेवाओं की त्वरित प्रतिक्रिया (Response Time) सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक, शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम, शहडोल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शहडोल ने कंट्रोल रूम की विभिन्न शाखाओं और वहाँ तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के मुख्य बिंदु एवं दिए गए निर्देश
डायल 100/112 एवं आपातकालीन सहायता,पुलिस अधीक्षक ने डायल 112 के रिस्पांस टाइम की समीक्षा की। सीसीटीवी मॉनिटरिंगः शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड और रिकॉर्डिंग सिस्टम की जांच की गई। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर 24 घंटे पैनी नजर रखें और यातायात व्यवस्था की भी सतत निगरानी करें। वायरलेस एवं संचार व्यवस्थाः वायरलेस सेट की कार्यक्षमता और सूचनाओं के आदान-प्रदान की प्रक्रिया को परखा गया। सभी कर्मचारियों को वायरलेस पर स्पष्ट और सटीक सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। अभिलेखों का संधारण एवं साफ-सफाई: कंट्रोल रूम में रखे गए महत्वपूर्ण रजिस्टरों और लॉग बुक का अवलोकन किया गया। सभी अभिलेखों को अद्यतन (अपडेट) रखने तथा कंट्रोल रूम परिसर में उच्च स्तर की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों से संवादः निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक शहडोल ने ड्यूटी पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं तथा उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, सतर्कता और कॉलर (शिकायतकर्ता) के प्रति शालीन व्यवहार अपनाने की हिदायत दी। इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को सुदृढ़ करना और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत बनाना है।

