नशे के सौदागरों पर प्रहार,792 ट्रामाडोल गोलियों के साथ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ब्यौहारी थाना प्रभारी जियाउल-हक और टीम की साहसिक कार्रवाई


Junaid Khan - शहडोल। संभागीय मुख्यालय व आसपास के इलाकों में अवैध नशे के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों और कुशल मार्गदर्शन में ब्यौहारी पुलिस ने नशा माफियाओं के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। नशे की अवैध खेप खपाने की फिराक में घूम रहे शातिर आरोपी सुजीत उर्फ गोलू सोनी (पिता गोरेलाल सोनी, निवासी ब्यौहारी) को पुलिस की मुस्तैद टीम ने रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित दवा ट्रामाडोल की कुल 792 टेबलेट्स जप्त की हैं। युवा पीढ़ी को नशे की गर्त में धकेलने वाले इस सौदागर के खिलाफ थाना ब्यौहारी में अपराध क्रमांक 544/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 तथा मध्य प्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 का मामला पंजीकृत कर कड़ी कानूनी विवेचना शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाया जा रहा यह विशेष अभियान अब रंग लाने लगा है। ब्यौहारी थाना प्रभारी जियाउल-हक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस पूरी कार्रवाई को जिस सूझबूझ और सटीकता के साथ अंजाम दिया, उसकी पूरे क्षेत्र में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है। इस सराहनीय व सफल कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक गया प्रसाद, प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय, अमर सिंह तथा आरक्षक पंकज मेहरा, अनुज यादव एवं सुरभि उरमालिया की सजगता और तत्परता की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के नशा कारोबारियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने पुलिस प्रशासन के इस जनहितैषी कदम का दिल से स्वागत किया है।

Previous Post Next Post