शुभांगी ने कड़ा परिश्रम कर एक साथ पांच बड़ी परीक्षाओं में पाई सफलता

शाहपुर गांव की बेटी की सफलता से पूरा क्षेत्र गौरवान्वित


Junaid Khan - शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल के समीप ग्राम शाहपुर (जिला उमरिया) की प्रतिभाशाली बेटी शुभांगी मिश्रा ने अपनी अद्भुत उपलब्धियों से पूरे विंध्य क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके पिता श्याम कुमार मिश्रा वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शहडोल जोन कार्यालय में पदस्थ हैं जबकि माता श्रीमती सुनीता मिश्रा गृहणी हैं।परिवार से मिले संस्कार, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर शुभांगी ने एक के बाद एक प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है। शुभांगी ने पहले नीट परीक्षा में 570 अंक अर्जित कर अपनी मेधा का परिचय दिया। हालांकि मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिल सका, लेकिन उन्होंने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और आज पांच प्रतिष्ठित सरकारी सेवाओं में चयनित होकर यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।शुभांगी मिश्रा का सबसे पहले चयन मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक के पद पर हुआ, चयन के उपरांत शुभांगी जबलपुर में प्रशिक्षण ले रहीं थी, तभी उसे हर दिन एक नए सरकारी में चयन होने की सूचना मिल रही थी। इनके सफलता से पूरा परिवार ही नहीं बल्कि गांव क्षेत्र गौरवान्वित है। शुभांगी मिश्रा का चयन अब तक उनका चयन मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक (जिला शहडोल) , रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत एसएससी स्टेनोग्राफर, मध्य प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक (स्टेनो) तथा उप निरीक्षक (सूबेदार एम) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर हो चुका है। यह उपलब्धि किसी भी युवा के लिए प्रेरणादायक मिसाल है।

शुभांगी की प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा शहडोल में ही हुई। उनके पिता श्याम कुमार मिश्रा के अनुसार, शुभांगी बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उनकी सफलता से न केवल परिवार, बल्कि शहडोल, उमरिया और पूरे विंध्य क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शुभांगी मिश्रा की प्रेरक कहानी आज उन हजारों युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए उम्मीद की किरण है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं।शुभांगी मिश्रा की छोटी बहन मोहनी मिश्रा भी इन्हीं सेवाओं में जाना चाहती हैं, वह अभी फारेंसिक साइंस से स्नातक की पढ़ाई कर रही है।

Previous Post Next Post