रिश्ते शर्मसार: कलयुगी पिता गिरफ्तार,पीड़िता की बहादुरी और पुलिस की मुस्तैदी से सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी

रिश्ते शर्मसार: कलयुगी पिता गिरफ्तार,पीड़िता की बहादुरी और पुलिस की मुस्तैदी से सलाखों के पीछे पहुंचा आरोपी 


Junaid Khan - शहडोल। रिश्तों को कलंकित करने और सामाजिक ताने-बाने को झकझोर देने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा दावों और प्रशासनिक सजगता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के एक थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पिता द्वारा अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ लंबे समय से गलत नीयत से छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का घिनौना कृत्य उजागर हुआ है। आरोपी की प्रताड़ना और हैवानियत से तंग आकर आखिरकार 09 जुलाई को किशोरी घर से भागने पर मजबूर हो गई। समाज के इस घिनौने चेहरे को बेनकाब करने के लिए पीड़िता ने जो हिम्मत दिखाई, वह काबिल-ए-तारीफ है। अपनी बात को सच साबित करने के लिए उसने पिता की कथित अश्लील हरकतों के कुछ वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए थे, जो आज जांच का सबसे बड़ा आधार बने हैं। यह घटना प्रशासन के लिए एक सीधी चुनौती है कि आखिर घरेलू दायरों में बेटियां कितनी सुरक्षित हैं और ऐसे मामलों में सामाजिक निगरानी तंत्र क्यों पूरी तरह फेल साबित हो रहा है? इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस महकमे की सजगता और त्वरित एक्शन ने कानून के इकबाल को मजबूत किया है। घर से भागकर जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंची पीड़िता पर जब वहां तैनात एक सतर्क पुलिसकर्मी की नजर पड़ी, तो उसने मामले की गंभीरता को भांपते हुए फौरन उसे महिला थाने पहुंचाया। जबलपुर पुलिस ने जब किशोरी के पास मौजूद अकाट्य वीडियो साक्ष्य देखे, तो बिना एक पल गंवाए शहडोल पुलिस से संपर्क साधा। सूचना मिलते ही शहडोल पुलिस की टीम तत्काल जबलपुर के लिए रवाना हुई और नाबालिग को सुरक्षित वापस लेकर आई। महिला थाने में पीड़िता की लिखित शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास सहित अन्य गंभीर गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उसे तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस की इस तत्परता ने जहां एक तरफ मुस्तैदी की मिसाल पेश की है, वहीं दूसरी तरफ ऐसे घिनौने अपराधियों को सख्त चेतावनी दी है कि कानून के लंबे हाथों से बच पाना नामुमकिन है।

Previous Post Next Post