पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में खाकी का बदला अंदाज, पपौंध के दूरवर्ती ग्राम निपनियां-हीरापुर की चौपाल में उमड़ा 500 ग्रामीणों का सैलाब, नशामुक्त समाज के लिए ली सामूहिक शपथ
Junaid Khan - शहडोल। शहडोल जिले में अपराध और नशे की जड़ पर प्रहार करने के लिए पुलिस प्रशासन ने अब तक का सबसे व्यापक और आक्रामक शंखनाद कर दिया है। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के कमान संभालते ही समूचे जिले की कानून व्यवस्था में एक नया विजन और कड़ा तेवर साफ नजर आने लगा है। एसपी डॉ. अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन और रणनीतिक सूझबूझ के तहत जिले भर में संचालित हो रहा "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" जनजागरूकता अभियान अब मात्र एक सरकारी औपचारिकता न रहकर, आमजन का एक विशाल जन-आंदोलन बन चुका है। इसी कड़ी में आज शहडोल जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस ने एक साथ नशामुक्ति संबंधी व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया। पुलिस की इस सक्रियता और आम जनता से सीधे जुड़ाव की अनूठी कार्यशैली ने न केवल अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं, बल्कि आम नागरिकों में खाकी के प्रति विश्वास और सम्मान को कई गुना बढ़ा दिया है।
दूरदराज के अंचलों में भी दिखा खाकी का संवेदनशील चेहरा
मुख्यालय की चकाचौंध से दूर ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के एसपी के सख्त निर्देशों का जमीनी असर अब साफ दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में जिले के सबसे दूरवर्ती और दुर्गम थाना क्षेत्रों में शुमार पपौंध के ग्राम निपनियां-हीरापुर में पुलिस ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया। यहाँ पुलिस अधिकारियों ने बंद कमरों से बाहर निकलकर ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद स्थापित करने के लिए 'ग्राम चौपाल' का आयोजन किया। इस चौपाल में देखते ही देखते लगभग 500 से अधिक ग्रामीणों और युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीण परिवेश के बीच बैठकर लोगों को नशे के भयावह दुष्प्रभावों, पारिवारिक बर्बादी और सामाजिक पतन के बारे में अत्यंत सरल और प्रभावी भाषा में समझाया। पुलिस की इस संवेदनशीलता और अपनेपन को देखकर ग्रामीण गद्गद हो उठे और उन्होंने मुक्त कंठ से नवआगत एसपी व उनकी मुस्तैद टीम की सराहना की।
सामूहिक शपथ से रचा नया इतिहास,नशामुक्त समाज का संकल्प
इस ऐतिहासिक जन-अभियान की सबसे बड़ी सफलता तब देखने को मिली जब चौपाल में मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने एक सुर में नशे से दूर रहने का अटूट संकल्प लिया। पुलिस की प्रेरणा से प्रेरित होकर ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय और अग्रणी भागीदारी सुनिश्चित करने की सामूहिक शपथ खाई। समाजशास्त्रियों और बुद्धिजीवियों का मानना है कि नवआगत एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल की यह दूरदर्शी सोच शहडोल को अपराध मुक्त और समृद्ध बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। जिस प्रकार पुलिस की टीमें सुदूर अंचलों में मुस्तैदी से डटी हुई हैं और जनता को जागरूक कर रही हैं, उसने यह साबित कर दिया है कि यदि नेतृत्व मजबूत और विजनरी हो, तो प्रशासन आम जनता के दिलों में अपनी जगह बहुत आसानी से बना लेता है।
