कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने जनसुनवाई में सुनीं आमलोगों की समस्याएं

कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता ने जनसुनवाई में सुनीं आमलोगों की समस्याएं 


Junaid Khan - शहडोल। 21 जुलाई 2026- कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में संभाग के दूर- दराज के क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों और समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में उमरिया जिले की पाली तहसील के ग्राम मझगवां निवासी श्री फूल सिंह ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास की राशि नहीं मिलने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक ने बताया कि वर्ष 2011-12 में ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा उनके नाम से आवास स्वीकृत कराया गया था तथा सूची में तीन किस्तों की राशि दर्ज होने के बावजूद उन्हें किसी भी प्रकार की राशि प्राप्त नहीं हुई। जिस पर कमिश्नर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम पाली एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पाली को शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में शहडोल जिले के गोहपारू तहसील के ग्राम बरदौहा के ग्रामीण श्री विश्वनाथ बैगा ने कमिश्नर को आवेदन करते हुए बताया कि मैने लोकसेवा केन्द्र मेें 14 मई 2024 को सीमांकन के लिए आवेदन किया है। मेरी भूमि का आज तक सीमांकन नहीं किया गया है। उन्होंने कमिश्नर से आग्रह किया कि उसकी पुस्तैनी भूमि का सीमांकन कराया जाए। ग्रामीण की शिकायत पर कमिश्नर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जयसिंहनगर को निर्देश दिए है, कि वह शिकायत की जांच कर समुचित कार्यवाही करें।  

जनसुनवाई में उमरिया जिले के पाली तहसील के ग्राम बकेली निवासी श्रीमती शान्ति प्रजापति ने कमिश्नर को आवेदन करते हुए बताया कि उसके नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत हुई है। किन्तु ससुर द्वारा भूमि न दिए जाने एवं मांगने पर विवाद करते हैं। श्रीमती शान्ति प्रजापति का कहना था की उसे प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए भूमि मुहैया कराई जाए। श्रीमती शान्ति प्रजापति की शिकायत पर कमिश्नर ने गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पाली को शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। जनसुनवाई में कमिश्नर द्वारा अन्य आवेदनों की भी सुनवाई की गई। जनसुनवाई में संयुक्त आयुक्त विकास श्री मुद्रिका सिंह, उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री जेपी यादव, संयुक्त संचालक शिक्षा श्री उमेश धुर्वे सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post