15 से अधिक प्रतिष्ठानों से लिए गए 13 नमूने,जांच के लिए भेजे गए प्रयोगशाला
Junaid Khan - शहडोल। 23 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा बुढ़ार, धनपुरी एवं शहडोल क्षेत्र के 15 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 13 नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। इनमें पनीर, दूध, खोआ, मिल्क केक, पेड़ा एवं खड़े मसाले सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा श्याम मिष्ठान्न, बुढ़ार, अभिनंदन स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, धनपुरी, अंबे बीकानेर स्वीट्स, धनपुरी, जोधपुर स्वीट्स, बुढ़ार, बीकानेर स्वीट्स, शहडोल, होटल त्रिदेव, शहडोल तथा नमन फूड प्रोडक्ट्स, शहडोल सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा बताया गया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं अमानक सामग्री के उपयोग को रोकने के लिए निरीक्षण एवं नमूना लेने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
