प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के 83 हितग्राहियों को मिला शासकीय भूमि का पट्टा
Junaid Khan - शहडोल। 12 अगस्त 2026 प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज नगर पालिका सभागार में शासकीय भूमि के पट्टा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगरीय क्षेत्र के 83 पात्र हितग्राहियों को शासकीय भूमि के पट्टे प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा ‘डोली’ एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांत सिंह ठाकुर की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए गए। पट्टा प्राप्त करने के बाद हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी और संतोष की झलक दिखाई दी। शासकीय भूमि का पट्टा मिलने से पात्र हितग्राही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत निर्धारित पात्रता एवं प्रक्रिया के अनुसार आवास निर्माण का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास का सपना साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में पार्षद श्री हीरालाल प्रजापति, श्री संतोष लोहानी, श्री विनय केवट, श्रीमती सावित्री सेन, श्री अनमोल सोनी, श्री संजीव प्रताप सिंह, श्री नागेंद्र गोले सहित अन्य पार्षद एवं जनप्रतिनिधि, सिटी मैनेजर श्री सत्यकाम मिश्रा, आवास शाखा के कर्मचारी तथा अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में पात्र हितग्राही उपस्थित रहे। हर घर तिरंगा रैली में दिखा देशभक्ति का उत्साह कार्यक्रम के समापन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। पट्टा वितरण कार्यक्रम में शामिल पात्र हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों के साथ नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। पट्टा वितरण एवं तिरंगा रैली के आयोजन से कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम ने एक ओर जरूरतमंद परिवारों को आवास निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया, वहीं दूसरी ओर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और हर घर तिरंगा अभियान का संदेश भी दिया।

