जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाएं सुधारे, साफ सफाई का रखें ध्यान:- कलेक्टर
Junaid Khan - शहडोल। 12 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाएं सुधारे एवं अस्पताल को स्वच्छ एवं सुंदर रखने हेतु नियमित रूप से साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा कक्ष, मेल एवं फीमेल मेडिकल तथा सर्जिकल वार्ड, स्टोर रूम आर्थोपेडिक वार्ड, व्यसन उपचार कक्ष, ऑपरेशन थियेटर, एसएनसीयू, कंगारू केयर वार्ड, वर्ल्ड बैंक एवं पैथालॉजी सेंटर, डायलिसिस कक्ष, प्रायवेट वार्ड तथा नेत्र वार्ड का भी निरीक्षण कर मरीजो को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मिलकर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं एवं उपचार के संबंध में जानकारी ली। डायलिसिस कक्ष के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वर्तमान में 70 मरीजों का पंजीयन है तथा सभी मरीजों के लिए टर्न निर्धारित हैं। प्रतिदिन 3 से 4 मरीजों की डायलिसिस की जाती है। आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस की सुविधा दी जाती है, जबकि शेष मरीजों से 500 रुपये शुल्क लिया जाता है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन मरीजों की आभा आईडी नहीं बनी है, उनके लिए जिला चिकित्सालय में ही आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीज जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करते हैं, उनके आयुष्मान कार्ड भी जिला चिकित्सालय में ही बनाए जाएं, ताकि उन्हें चिकित्सा उपचार में आर्थिक भार न उठाना पड़े और वे शासन की आयुष्मान योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। कलेक्टर ने ब्लड बैंक का निरीक्षण करते हुए ब्लड टेस्ट के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा अपने समक्ष ऑनलाइन दर्ज डाटा को खुलवाया एवं दूरभाष के माध्यम से मरीजों से ब्लड टेस्ट के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने कहा कि मरीजो के जांच रिपोर्ट समय पर प्रदाय करें किसी की जांच रिपोर्ट को लंबित न रखें। कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रस्ताव तैयार कर मध्य प्रदेश शासन को भेजें एवं रोगी कल्याण समिति में उपलब्ध पैसे का स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में उपयोग करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ, प्रबंधक पूजा सोनी, डीपीएम मनोज द्विवेदी सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
