प्रत्येक लाड़ली बहना के खाते में 1,500 रुपये योजना की राशि एवं 250 रुपये रक्षाबंधन के शगुन के रूप में किए गए अंतरित
Junaid Khan - शहडोल। 19 अगस्त 2026- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर जिले से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से योजना की राशि का अंतरण किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण शहडोल जिले में जिला पंचायत सभागार में देखने एवं सुनने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से शहडोल जिले की 1 लाख 87 हजार 13 लाड़ली बहनों के बैंक खातों में कुल 27 करोड़ 33 लाख 7 हजार 700 रुपये की राशि अंतरित की। इसमें प्रत्येक लाड़ली बहना के खाते में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 1,500 रुपये तथा रक्षाबंधन के शगुन के रूप में 250 रुपये की अतिरिक्त राशि शामिल है। रक्षाबंधन के अवसर पर अतिरिक्त राशि के अंतरण से जिले की लाड़ली बहनों में खुशी का माहौल रहा। योजना के माध्यम से प्राप्त राशि महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है तथा वे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ परिवार की जरूरतों में भी सहयोग कर रही हैं। जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अखिलेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।
