कलेक्टर कार्यलय में आयोजित हुई जनसुनवाई
Junaid Khan - शहडोल 18 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में आज साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के दूर- दराज के क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों संबंधी आवेदन कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल को दिए। जनसुनवाई में देवदास चौधरी निवासी पुरानी बस्ती, शहडोल ने रविदास चौधरी द्वारा गरीबी रेखा (बीपीएल) राशन कार्ड का कथित रूप से अनुचित लाभ लिए जाने की शिकायत, ग्राम पंचायत सिंदुरी झिरियाटोला निवासी श्रीधर पटेल ने ग्राम पंचायत सिंदुरी के वार्ड नं. 07 में नवीन सड़क निर्माण कराने, ग्राम कतिरा निवासी शिवचरण बैगा ने वनाधिकार प्रदाय कराने, वार्ड नं0 02 सिंहपुर रोड निवासी मासूद अहमद ने अपने निजी भूमि में स्थिति परिसम्पत्तियों को खसरे में दर्ज कराने, वार्ड नं. 13 शहडोल निवासी दिव्या खटिक ने राशन कार्ड बनवाने संबंधित आवेदन जनसुनवाई में दिए। जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों को कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रेषित कर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्रीमती मिनिषा पाण्डेय, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अन्तोनिया एक्का सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
