कोदो प्रोसेसिंग यूनिट एवं गुलाब की खेती का कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत में किया निरीक्षण
Junaid Khan - शहडोल। 18 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने पंचगांव एवं चुनिया में संचालित कोदो प्रोसेसिंग यूनिट तथा विचारपुर में पाली हाउस के माध्यम से की जा रही गुलाब की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्तर पर संचालित इन गतिविधियों की जानकारी लेते हुए इनके माध्यम से ग्रामीणों को मिल रहे रोजगार एवं आय के अवसरों के संबंध में चर्चा की। पंचगांव एवं चुनिया में संचालित कोदो प्रोसेसिंग यूनिट के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने यूनिट संचालकों से कोदो की खरीदी, प्रोसेसिंग, तैयार उत्पाद, बाजार व्यवस्था एवं इससे होने वाले लाभ की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोदो के उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण एवं विपणन तक की पूरी प्रक्रिया को समझा तथा स्थानीय स्तर पर कोदो आधारित गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा की। कलेक्टर ने कहा कि जिले में कोदो-कुटकी जैसे स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों की व्यापक संभावनाएं हैं। इनके उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं बेहतर मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देकर ग्रामीणों के लिए रोजगार और आय के स्थायी अवसर विकसित किए जा सकते हैं। इसके साथ ही विचारपुर में पाली हाउस के माध्यम से लगभग 3 एकड़ क्षेत्र में की जा रही गुलाब की खेती का निरीक्षण किया। उन्होंने गुलाब की खेती की प्रक्रिया, उत्पादन, रखरखाव, विपणन व्यवस्था तथा इससे होने वाली आय के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पाली हाउस आधारित खेती की संभावनाओं को देखते हुए किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी कृषि गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने कहा कि स्थानीय संसाधनों एवं क्षेत्र की संभावनाओं के अनुरूप आयमूलक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। कृषि, उद्यानिकी एवं कृषि आधारित प्रसंस्करण गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ आय के स्थायी अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसी गतिविधियों से अधिक से अधिक ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूहों को जोड़ा जाए तथा उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सके और ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि हो। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि श्री के एस यादव एवं सहायक संचालक कृषि श्री अनुराग पटेल उपस्थित रहे।
