त्यौहारों के दौरान सड़क मरम्मत, विद्युत आपूर्ति, पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
सोशल मीडिया में जाति, धर्म और सम्प्रदाय से संबंधित टिप्पणी नहीं करने की अपील, अन्यथा होगी सख्त कार्यवाही
शान्ति समिति की बैठक में मिलाद उन नबी, रक्षाबंधन एवं कजलियां, जन्माष्ठमी, गणेश चतुर्थी, अनन्त चतुर्दशी त्योहारों का सुरक्षा के संबध में कलेक्टर ने निए निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। 24 अगस्त 2026 आगामी त्यौहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में मिलाद उन नबी, रक्षाबंधन, कजलियां, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी,हरितालिका तीज, गणेश चतुर्थी, एवं अनन्त चतुर्दशी के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। जिला शान्ति समिति की बैठक में सदस्यों ने जिला वासियों से आगामी त्यौहारों के दौरान जिले की परम्परा अनुसार सभी धर्म एवं संप्रदायों से सौहार्द एवं उल्लास पूर्वक मनाने की अपील की है साथ ही शान्ति समिति ने सोशल मीडिया में जाति, धर्म और सम्प्रदाय से संबंधित टिप्पणी नहीं करने की अपील की है। त्यौहारों के दौरान सोशल मीडिया की सतत मानीटरिंग की जाएगी अन्यथा की स्थिति में संबंतिध के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने विभिन्न त्योहारों के दौरान जिले के प्रमुख नगरों में चाक-चौबंद व्यवस्था करने तथा आवश्यकता अनुसार सड़कों की मरम्मत करने का सुझाव दिया। उन्होने कहा कि जिन स्थानों पर कजलियां तथा मूर्ति विसर्जन परम्परागत रूप से होता रहा है वहां सुरक्षा व्यवस्था होम गार्ड के तैराकों एवं प्रकाश की व्यवस्था भी की जाए। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने जिले के सभी धर्म के लोगों से मिलकर त्यौहार मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मिलाद उन नबी पर आयोजित होने वाले जुलूस के समय एवं मार्ग की जानकारी संबंधित थाना प्रभारियों तथा एसडीएम को अनिवार्य रूप से दी जाए। आवश्यकता अनुसार सड़कों की मरम्मत, मलवे की सफाई तथा आवारा पशुओं को हांका लगाकर गौशाला पहुंचाने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारियेां को दिए। इसी तरह त्यौहारों के दौरान सतत विद्युत आपूर्ति तथा झूलते हुए विद्युत तारों का संधारण पूर्व से ही कर लिया जाए। नगर में लगे सीसीटीव्ही कैमरे चालू रखे जाए। रक्षाबंधन के पश्चात आने वाले कजलियों के त्योहार में विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। जनमाष्टमी के अवसर पर होने वाली मटकीफोड़ प्रतियोगिता में भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखी जाए। आपने कहा कि मूर्तियों की स्थापना करने वाली समितियों एवं पुलिस तथा प्रशासन का वाट्सअप ग्रुप बनाया जाए। जिससे किसी भी घटना की सूचना त्वरित रूप से मिल सके। त्यौहारों के दौरान ध्वनि यंत्रों का प्रयोग सर्वोच्च न्यायालय द्वारा तय समय-सीमा एवं निश्चित डेसीमल पर ही किया जा सकता है। अन्यथा ध्वनियंत्रों की जप्ती की कार्यवाही की जाएगी। अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह ने कहा कि त्यौहारों के दौरान मिट्टी की मूर्तियां ही उपयोग मे लाई जाए तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियांें का उपयोग नहीं करें। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री धनश्याम जायसवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती मिनिषा पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, एसडीओपी राजेन्द्र मोहन दुबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री निशांन्त ठाकुर, तहसीलदार श्री दीपक पटेल, नगर निरीक्षक श्री राघवेन्द्र तिवारी, शान्ति समिति के सदस्य श्री गोविंद सिंह, राजेश्वर उदानिया, रविन्दर सिंह गिल, लक्ष्मण गुप्ता, डॉ. परमानन्द तिवारी, सकील खान, सुफियान खान, सांसद प्रतिनिधि प्रियम त्रिपाठी सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
