शहडोल पुलिस में प्रशासनिक सर्जरी,कानून-व्यवस्था को मजबूत करने एसपी ने किए ताबड़तोड़ तबादले

अपराध नियंत्रण व जनसुनवाई को प्रभावी बनाने 15 निरीक्षकों व उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले,नए प्रभारियों को तत्काल पदभार ग्रहण करने के निर्देश 


Junaid Khan - शहडोल। जिले में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद बनाने, जनसुनवाई को त्वरित व पारदर्शी करने तथा आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल (भा.पु.से.) ने पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल किया है। प्रशासनिक दृष्टि से की गई इस बड़ी सर्जरी के तहत जिले के कुल 15 पुलिस अधिकारियों को अस्थाई रूप से अग्रिम आदेश तक नवीन पदस्थापना स्थल पर पदस्थ किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा उठाए गए इस कदम का मुख्य उद्देश्य थानों के कामकाज में कसावट लाना, फील्ड पुलिसिंग को मजबूत करना और पीड़ित आमजन को त्वरित न्याय दिलाना है। शासन व पुलिस अधीक्षक की इस सख्त व सुधारात्मक कार्यप्रणाली की जिलेभर में भूरि-भूरि प्रशंसा हो रही है, जिससे महकमे में भी सक्रियता बढ़ गई है।

निरीक्षकों की नवीन पदस्थापना और थानों की जिम्मेदारी

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक खेम सिंह पेंड्रो को थाना प्रभारी धनपुरी से स्थानांतरित कर थाना प्रभारी अजाक बनाया गया है। वहीं रक्षित केन्द्र में पदस्थ रहे निरीक्षक मो० समीर को अब थाना प्रभारी जैतपुर की कमान सौंपी गई है। थाना प्रभारी ब्यौहारी निरीक्षक जियाउल हक को थाना प्रभारी देवलोंद तथा थाना प्रभारी बुढ़ार निरीक्षक विनय सिंह गहरवार को थाना प्रभारी धनपुरी पदस्थ किया गया है। यातायात व्यवस्था संभाल रहे निरीक्षक संजय कुमार जायसवाल को अब थाना प्रभारी बुढ़ार की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा रक्षित केन्द्र शहडोल से निरीक्षक अभिलाष मिश्रा को थाना प्रभारी ब्यौहारी, थाना प्रभारी जैतपुर रहे निरीक्षक जयप्रकाश नारायण शर्मा को महिला थाना प्रभारी, रक्षित केन्द्र शहडोल से कार्यवाहक निरीक्षक सातेन्द्र प्रसाद चतुर्वेदी को थाना प्रभारी सिंहपुर तथा महिला थाना प्रभारी रहीं निरीक्षक राम कुमार गायकवाल को प्रभारी कन्ट्रोलरूम शहडोल के पद पर पदस्थ किया गया है।

उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा बदलाव 

उपनिरीक्षकों के फेरबदल में थाना प्रभारी देवलोंद रहे उप निरीक्षक दिलीप सिंह को थाना कोतवाली, थाना प्रभारी सिंहपुर रहे उप निरीक्षक आशीष झारिया को थाना सोहागपुर भेजा गया है। रक्षित केन्द्र में पदस्थ उप निरीक्षक बीरेन्द्र तिवारी एवं उप निरीक्षक मोहितलाल सोनवानी दोनों को थाना कोतवाली में पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही थाना कोतवाली से उप निरीक्षक उपेन्द्र त्रिपाठी को थाना ब्यौहारी तथा थाना ब्यौहारी से उप निरीक्षक सुरेश कुमार रैदास को थाना सोहागपुर भेजा गया है।

अवैध गतिविधियों पर रोक और जवाबदेही तय करना मुख्य लक्ष्य 

पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल से जहां कई थानों को नए और अनुभवी प्रभारी मिले हैं, वहीं पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी नवीन पदस्थापना पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें। क्षेत्र में जुआ, सट्टा, नशा व अन्य अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने और थानों में आने वाले हर फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता से निपटाने के कड़े दिशा-निर्देश आला अधिकारियों द्वारा दिए गए हैं।

Previous Post Next Post