सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगरपालिका का बड़ा एक्शन

जय स्तंभ से पुराना नगरपालिका मार्ग तक चला चेकिंग अभियान,10 दुकानों पर 1800 रु. जुर्माना


Junaid Khan - शहडोल। पर्यावरण संरक्षण और शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद शहडोल की टीम ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए मैदान में ठोस कदम बढ़ा दिए हैं। मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) निशांत सिंह ठाकुर के कड़े और स्पष्ट निर्देशों के तहत शनिवार को नगर पालिका के राजस्व व स्वास्थ्य अमले ने शहर के मुख्य व्यावसायिक मार्ग पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों की टीम ने पुराना नगरपालिका परिसर से लेकर जय स्तंभ चौक तक स्थित कई दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर दबिश देकर सघन जांच-पड़ताल की। चेकिंग के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों का सरेआम उल्लंघन करने और प्रतिबंधित सिंगल यूज पॉलीथिन का धड़ल्ले से उपयोग करते पाए जाने पर अमले ने सख्त रवैया अपनाया। नगर पालिका की इस अचानक हुई कार्रवाई से बिना नियम-कायदों के व्यापार करने वाले अमानक पॉलीथिन विक्रेताओं और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। नगरपालिका की गठित विशेष जांच टीम ने नियमों की अनदेखी करने वाले 10 दुकानों के विरुद्ध त्वरित दंडात्मक कार्रवाई करते हुए मौके पर ही कुल 1,800 रुपये का चालानी जुर्माना वसूल किया। साथ ही, जब्त की गई प्रतिबंधित पॉलीथिन को मौके पर ही सीज किया गया। कार्रवाई के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों ने शहर के व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए पर्यावरण सुरक्षा का संदेश भी दिया। नगरपालिका अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में सभी व्यापारियों को हिदायत दी कि वे शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें और सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग पूरी तरह बंद करके इसके विकल्प के रूप में कपड़े या जूट के थैलों को बढ़ावा दें। अधिकारियों ने चेतावनी भी दी कि शहर की स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगामी दिनों में यह अभियान और अधिक कड़ाई से जारी रहेगा, जिससे शहडोल को स्वच्छ और पॉलीथिन मुक्त बनाया जा सके।

Previous Post Next Post