एनएसयूआई शहडोल ने व्यापक सदस्यता अभियान का कार्यक्रम शुरू किया
Junaid Khan - शहडोल। एनएसयूआई शहडोल द्वारा जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी के नेतृत्व में आगामी छात्रसंघ चुनाव एवं सदस्यता को लेकर एक महत्वपूर्ण अभियान प्रारंभ किया। छात्रों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी ने कहा कि NSUI सदैव छात्र हितों की रक्षा,गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। इसी उद्देश्य को लेकर जिलेभर में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़कर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। NSUI की मांग है कि छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं, ताकि विद्यार्थी अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से उपयोग कर अपने प्रतिनिधियों का सीधा चुनाव कर सकें। इससे छात्र राजनीति में पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती मिलेगी। इस दौरान संगठन की आगामी रणनीति, सदस्यता अभियान के विस्तार तथा विद्यार्थियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। NSUI ने स्पष्ट किया कि संगठन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्र अधिकारों की सुरक्षा तथा परिसरों में लोकतांत्रिक वातावरण को सशक्त बनाने के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा। अंत में सभी छात्र-छात्राओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में NSUI की सदस्यता ग्रहण करें तथा छात्र हितों की इस मुहिम में सहभागी बनकर एक मजबूत, लोकतांत्रिक और छात्र-केंद्रित संगठन के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। इस अभियान प्रारंभ में प्रमुख रूप से एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी, जिला उपाध्यक्ष आशीष द्विवेदी,जिला उपाध्यक्ष सिमरन कौर, सोशल मीडिया से महेंद्र यादव एवं अमन तिवारी मौजूद रहे।
