जनसुनवाई में अनुपस्थित सीईओ जिला केंद्रीय सहकारी बैंक को एक दिन का अवैतनिक एवं एसडीओ पीएचई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को जनसुनवाई में समय पर उपस्थित रहने और आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश


Junaid Khan - शहडोल। 25 अगस्त 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति एवं अपर कलेक्टर द्वय श्री सरोधन सिंह एवं श्रीमती मिनिषा पाण्डेय द्वारा जिले भर से आए 102 आवेदकों की जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर द्वारा वीडियो कान्फ्रंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने सीईओ, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक को एक दिवस का अवैतनिक करने एवं एसडीओ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में वार्ड नं0 03 शहडोल निवासी विवेक कुमार मिश्रा ने सीएम हेल्प लाईन में दर्ज शिकायत का निराकरण करने, ग्राम देवगढ़ निवासी सोनिया सिंह ने समग्र परिवार आईडी में अन्य व्यक्तियों के दर्ज नाम को विलोपित करने, तहसील सोहागपुर ग्राम कटहरी के समस्त ग्रामवासियों ने नल-जल योजना को चालू कराने, ग्राम नवलपुर निवासी दुर्गेश तिवारी ने ग्राम नवलपुर में विद्युत सबस्टेशन शीघ्र चालू कराने, वार्ड नं. 02 गढ़ी शहडोल निवासी आराधना तिवारी ने एक ही व्यक्ति के दो नाम होने के शिकायत, ग्राम पोंड़ीकला निवासी भैयालाल साकेत ने ग्राम पंचायत पोंड़कला में नल-जल योजना, सड़क पुलिया, स्टाप डैम के कार्याें की जांच कराने, वार्ड न. 09 ब्योहारी निवासी श्री संदीप कुमार पटेल ने शासकीय भूमि से रास्त नहीं देने की शिकायत, ग्राम बरकोड़ा तहसील गोहपारू से आए वैजनाथ साहू ने शासकीय जमीन पर अतिक्रमण हटाने संबंधी पारित आदेश का पालन कराने के संबंध में आवेदन दिया। कलेक्टर द्वारा एसडीएम जयसिंहनगर को व्हीसी के माध्यम निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके त्वरित निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों की जनसुनवाई में उपस्थिति आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण कर आवेदकों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। जन सुनवाई में एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अन्तोनिया एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post