विंध्य क्षेत्र को केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय की बड़ी सौगात

उदयपुर-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के फेरे बढ़े,अब सप्ताह में 02 दिन दौड़ेगी ट्रेन 

सांसद हिमाद्री सिंह के प्रयासों पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लगाई मुहर, शहडोल-अनूपपुर के यात्रियों में भारी उत्साह


Junaid Khan - शहडोल। अनूपपुर विंध्य अंचल के रेल यात्रियों की बहुप्रतीक्षित मांग और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय ने एक बड़ा व सराहनीय निर्णय लिया है। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने क्षेत्रीय सांसद हिमाद्री सिंह के प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए गाड़ी संख्या 20971/20972 उदयपुर सिटी-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के फेरों में विस्तार की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब यह लोकप्रिय सुपरफास्ट ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन के बजाय दो दिन पटरियों पर दौड़ेगी। रेल मंत्री ने सांसद को प्रेषित अपने आधिकारिक पत्र में स्पष्ट किया है कि भारतीय रेल द्वारा यात्री मांग और परिचालन आवश्यकताओं के अनुरूप लगातार रेल नेटवर्क व सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे दोनों दिशाओं के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचेगा। क्षेत्रीय सांसद हिमाद्री सिंह की निरंतर सक्रियता और केंद्र स्तर पर की गई मजबूत पैरवी के चलते मिली इस सौगात से पूरे संसदीय क्षेत्र में विकासोन्मुख राजनीति का सकारात्मक संदेश गया है। सांसद के अथक प्रयासों के साथ-साथ रेल मंत्रालय, जोनल रेलवे और मंडल रेल प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यकुशलता भी इस निर्णय में अहम रही, जिन्होंने तकनीकी सर्वेक्षण व परिचालन रिपोर्ट को समयबद्ध तरीके से तैयार कर बोर्ड को भेजा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस त्वरित कदम और रेल प्रशासन के जनहितैषी रुख की सराहना करते हुए जानकारों का कहना है कि सुदूर आदिवासी बाहुल्य अंचल की रेल कनेक्टिविटी को राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता देना सरकार की दूरगामी सोच को दर्शाता है। इस निर्णय से शहडोल, अनूपपुर और आसपास के जिलों के व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा नागरिकों और इलाज के लिए बाहर जाने वाले मरीजों को राजस्थान के उदयपुर, जयपुर से लेकर पश्चिम बंगाल के शालीमार (कोलकाता) तक आवागमन में अप्रत्याशित राहत मिलेगी। अब तक सप्ताह में सिर्फ एक दिन चलने के कारण यात्रियों को लंबी वेटिंग लिस्ट और टिकट संकट का सामना करना पड़ता था। फेरे दोगुने होने की खबर मिलते ही स्थानीय नागरिक संगठनों, व्यापार मंडलों, दैनिक रेल यात्री संघों और आम जनता ने केंद्र सरकार, रेल मंत्री, क्षेत्रीय सांसद एवं रेल प्रबंधन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए इसे विंध्य के विकास में मील का पत्थर बताया है।

Previous Post Next Post